बिलासपुर: सीएम ने किया प्रदेश की पहली डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ, गोबिंद सागर झील में की मोटर बोट राइडिंग
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को बिलासपुर में राज्य की पहली डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। साथ ही बिलासपुर के मंडी-भराड़ी स्थित गोविंद सागर झील में जल क्रीड़ा गतिविधियों का शुभारंभ किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को बिलासपुर में राज्य की पहली डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। यह पुस्तकालय विभिन्न सुविधाओं से सुसज्जित है और इसमें 40 व्यक्तियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी में विभिन्न प्रकार की लगभग 2,500 पुस्तकें उपलब्ध करवाई गई हैं, जिनमें ऑफलाइन माध्यम से पहली से 12वीं कक्षा तक की एनसीईआरटी और सीबीएसई की पुस्तकें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, कॉलेज के पाठ्यक्रमों, प्रतियोगी परीक्षाओं और विभिन्न शैक्षिक पुस्तकें डिजिटल लाइब्रेरी में पाठकों के लिए उपलब्ध होंगी।
सुक्खू ने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी पाठकों को टचस्क्रीन डिवाइस, सर्वर और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से निशुल्क पठन सामग्री उपलब्ध करवाएगी। इस लाइब्रेरी को एक स्मार्ट प्रबंधन प्रणाली आरएफआईडी तकनीक से सुव्यवस्थित किया गया है। पाठकों की सुविधा के लिए उन्हें आईडी कार्ड जारी किया जाएगा, जिसे लाइब्रेरी में प्रवेश करने के लिए स्कैन करना आवश्यक होगा।
विद्यार्थियों के लिए जिला पुस्तकालय में एक बड़ा रीडिंग हॉल, एक ई-लाइब्रेरी, कंप्यूटर टैबलेट, उपयुक्त फर्नीचर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। सुरक्षा के दृष्टिगत पुस्तकालय में सीसीटीवी प्रणाली को स्थापित किया गया है।
डिजिटल लाइब्रेरी में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से बातचीत की। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने डिजिटल तकनीक को एकीकृत करने और बेहतर नागरिक सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में तकनीकी उपयोग के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने बताया कि इस तरह के सुधारों से उनके जानने और सीखने के अनुभव में वृद्धि हो रही है। तकनीक को समायोजित करने से अब पढ़ाई और अधिक रूचिकर बन गई है। विद्यार्थियों में पढ़ने और सीखने की आदत को प्रोत्साहन प्रदान करने की प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी जैसी सुविधाओं से उनका ज्ञानवर्द्धन होगा जिसके भविष्य में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। मुख्यमंत्री ने 1.67 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो बिलासपुर के नए भवन का भी उद्घाटन किया। त
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बिलासपुर के मंडी-भराड़ी स्थित गोविंद सागर झील में जल क्रीड़ा गतिविधियों का शुभारंभ किया। क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नए आयाम प्रदान करते हुए यहां क्रूज, शिकारा राइड, हाउसबोट, हाईटेक मोटरबोट, जेट स्कीज और वाटर स्कूटर गतिविधियों को शुरू किया गया है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। पर्यटन के साथ इस नवीन पहल से स्थानीय व्यवसायों, विशेष रूप से महिला एवं छोटे उद्यमियों को स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए नया बाजार उपलब्ध होगा, जिससे उनकी आर्थिक सुदृढ़ होगी। बिलासपुर को पर्यटक स्थल के रूप में उभारने के लिए मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक, ग्रामीण और ईको पर्यटन के साथ जल आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित कर बिलासपुर को केरल और गोवा की तर्ज पर आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है।
30 किलोमीटर का एक सुंदर क्रूज मार्ग विकसित
जिला की नैसर्गिक सुंदरता, सांस्कृतिक धरोहर और साहसिक गतिविधियों को प्रदेश सरकार बढ़ावा दे रही है, जिसके फलस्वरूप प्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर बिलासपुर अपनी एक विशेष पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा के प्रदेश सरकार के बहुआयामी प्रयासों के फलस्वरूप क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी जिससे क्षेत्र का आर्थिक विकास होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिलासपुर जिला प्रशासन को कोल डैम जलाशय पर क्रूज और शिकारा संबंधी गतिविधियां शुरू करने के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इस महत्त्वाकांक्षी परियोजना के तहत बिलासपुर जिले के हरनोड़ा से शिमला जिले के तत्तापानी तक 30 किलोमीटर का एक सुंदर क्रूज मार्ग विकसित किया जाएगा। यह जल मार्ग पर्यटकों को एक अविस्मरणीय यात्रा का अनुभव प्रदान करेगा। पर्यटक कोल डैम के माध्यम से शिमला की ओर एक यादगार क्रूज की सवारी का आनंद ले सकेंगे। प्रदेश में पर्यटन की नवीन गतिविधियों को प्रोत्साहन प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने जेट स्की पर एक रोमांचक सवारी और क्रूज की यात्रा का आंनद लिया। मुख्यमंत्री हिमाचल को देश के पसंदीदा गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं।
सरकार पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत: सुक्खू
पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इन प्रयासों के फलस्वरूप वर्तमान सरकार के दो साल का कार्यकाल पूर्ण होने से पहले ही बिलासपुर में क्रूज और अन्य जल क्रीड़ा संबंधी नवीन गतिविधियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार पर्यटन क्षेत्र का प्रमुखता से क्षेत्र का विकास कर रही है और हरित उद्योगों को बढ़ावा देने और इस क्षेत्र में निवेश को आकर्षित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जल संसाधन प्रचूर मात्रा में उपलब्ध हैं और प्रदेश में जल क्रीड़ा गतिविधियों की अपार संभावनाएं हैं। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार की दूरगामी सोच और प्रतिबद्धता के फलस्वरूप दो वर्ष के भीतर ही बिलासपुर में क्रूज, जेट स्की और शिकारों का सफल संचालन संभव हो पाया है। इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, एचपीटीडीसी के अध्यक्ष आरएस बाली, पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, तिलक राज शर्मा एवं बाबू राम गौतम, कांग्रेस नेता विवेक कुमार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान, एडीजीपी सतवंत अटवाल, उपायुक्त आबिद हुसैन भी उपस्थित थे।