पत्र बम मामले पर सीएम जयराम का बड़ा बयान, कैबिनेट विस्तार पर ये कहा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्य मंत्रिमंडल में विस्तार और पोर्टफोलिया बदलाव करने का मामला हाईकमान पर छोड़ दिया है। उन्होंने पिछले दिनों नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मंत्री पद के लिए कई विधायकों के नामों पर चर्चा की है, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया है कि इस बारे में हर फैसला केंद्रीय नेतृत्व ही लेगा।
सीएम ने शनिवार को पहले हमीरपुर और उसके बाद शिमला पहुंचने पर पुष्टि की कि उन्होंने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से सरकार और संगठन दोनों मसलों पर चर्चा की है। पार्टी अध्यक्ष और मंत्री पद के लिए किन नामों पर फैसला होगा, यह केंद्र तय करेगा। नई दिल्ली से हमीरपुर से होते हुए शिमला पहुंचे मुख्यमंत्री ने शनिवार को यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत की। उन्होंने कहा कि वह कई मसले लेकर दिल्ली गए थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका नई दिल्ली का इतना लंबा प्रवास पहली बार हुआ।
वह प्रधानमंत्री के अलावा करीब 12 केंद्रीय मंत्रियों और नेताओें से मिले। उन्होंने कहा कि संगठन में अध्यक्ष के नाते नई व्यवस्था होने वाली है, इस पर भी चर्चा हुई है। उन्होंने मंत्रिमंडल विस्तार से संबंधित विषयों पर भी बात की है। महाराष्ट्र में सारी चीजें सेटल होने के बाद आने वाले समय में केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार ही हिमाचल में मंत्रिमंडल विस्तार होगा। प्रदेश के बहुत से प्रोजेक्ट्स की फाइलें केंद्र में लंबित हैं, जिनको मॉनीटर करना जरूरी था।
शिवसेना ने बहुत बड़ी गलती की : जयराम
इन प्रोजेक्ट के साथ नए विषयों को भी केंद्र के समक्ष रखा है और उन पर चर्चा हुई है। प्रदेश के 69 नए नेशनल हाईवे को केंद्र से सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। सीएम ने कहा कि रेल मंत्री के साथ औद्योगिक क्षेत्र बद्दी को रेलवे से जोड़ने के अलावा ऊना-हमीरपुर पर भी बात हुई है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि भाजपा और शिवसेना दोनों ने ही महाराष्ट्र में चुनाव लड़ा था। दोनों ने मिलकर ही यह पॉपुलर मैंडेट दिया। बीच मेें शिवसेना ने साथ छोड़ा तो उसी वजह से यह परिस्थिति बनी। भाजपा को पहले से ही वहां पापुलर मैंडेट था।
अब यह रास्ता निकला तो सरकार बन गई। यह मजबूत सरकार बनकर उभरेगी। जयराम बोले कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को इसके लिए बधाई देते हैं। शिवसेना ने बहुत बड़ी गलती की है।
पत्र वायरल करने वाले व्यक्ति पर हो रही कार्रवाई
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हमीरपुर में मीडिया से कांगड़ा में वायरल पत्र बम और इसमें भाजपा के ही पूर्व मंत्री का नाम सामने आने पर कहा कि कुछ लोगों ने पत्र लिखा और बाद में उसे वायरल किया। इस तरह किसी के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाने से मानसिक प्रताड़ना के साथ-साथ सरकार और व्यक्ति की छवि खराब होती है।
लोकसभा चुनाव के बीच इस मामले को उठाकर सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन सरकार ने हिम्मत के साथ कदम उठाया। आरोपी के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मामला किसी नेता नहीं, एक व्यक्ति के खिलाफ है, जिसने सोशल मीडिया में पत्र वायरल किया, उसके खिलाफ कार्रवाई हो रही है। पुलिस तह तक पहुंची और अब कई चीजें बाहर निकल रही हैं।