पत्र बम मामले में रिपोर्ट के आधार पर जांच कर रही सरकार : जयराम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पत्र बम मामले में सरकार रिपोर्ट के आधार पर जांच कर रही है। इसमें जल्द कार्रवाई की जाएगी। सीएम रविवार को ऊना में पत्रकारों से बातचीत में बोल रहे थे। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के ऊना जिले में अवैध खनन को सरकार के संरक्षण के आरोपों पर सीएम ने मुकेश अग्निहोत्री को अपना कार्यकाल याद करने की नसीहत दी।
कहा कि मुकेश बताएं कि उनके उद्योग मंत्री रहते खनन की क्या हालत थी? उस समय और आज के समय की परिस्थितियों में बहुत अंतर आया है। मुकेश की अपनी सरकार के समय खनन पर कोई रोक नहीं थी। उनकी मौजूदगी में यह गतिविधियां चलती रही हैं, ऐसे में उन्हें इस मामले में टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है।
मुख्यमंत्री का रविवार से ऊना का दो दिवसीय प्रवास शुरू हुआ। पहले दिन ऊना सदर और कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्रों में करोड़ों की योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए। इस दौरान केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर, प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर, चिंतपूर्णी के विधायक बलबीर चौधरी और औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार भी मौजूद रहे।
ऊना पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ने सबसे पहले 3.74 करोड़ से बनने वाले ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस की आधारशिला रखी। उसके बाद 11.05 करोड़ से बनने वाले आईटीआई ऊना के नए भवन का शिलान्यास किया। इसके बाद सीएम ने कुटलैहड़ और ऊना सदर की जनता को करोड़ों की योजनाओं की सौगात दी।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार पंजाबी को दूसरी भाषा का दर्जा देने पर विचार करेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल के कई इलाकों में पंजाबी भाषा बोली जाती है। पंजाबी को भाजपा सरकार में ही स्कूलों में पढ़ाने का क्रम शुरू किया गया है। जनभावनाओं को देखते हुए पंजाबी को दूसरी भाषा का दर्जा देने पर विचार किया जाएगा।
सीएम ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं सभी को एक सूत्र में बांधने का मंत्र देती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं 550वें प्रकाशोत्सव पर आयोजित सभी कार्यक्रमों में हिस्सा लिया है और करतारपुर कॉरिडोर को खोलकर ऐतिहासिक कार्य किया गया। सीएम ने कहा कि वह स्वयं प्रदेश और पंजाब में कई कार्यक्रमों में उपस्थित रहे हैं। श्री गुरुनानक देव जी के जीवन से ऊर्जा मिलती है। मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा किला बाबा बेदी साहिब में विकास कार्यों के लिए 15 लाख रुपये देने का एलान किया।
मोदी के मजबूत नेतृत्व से हुआ बड़ा फैसला : अनुराग
केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र में पीएम नरेंद्र मोदी का मजबूत नेतृत्व है। इसके चलते गुरुनानक देव जी का पवित्र स्थल दर्शनों के लिए खुला है। उन्होंने कहा कि श्री गुरुनानक देव के तप का ही ये परिणाम है। भाई-बहन के प्यार का भी प्रतीक 550 साला है। उन्होंने भी बाबा सर्वजोत की मांगों का समर्थन किया।