पहले कार्यक्रम में सख्त दिखे सीएम, अफसरों पर गाज गिरना तय
अगले 15 दिन के भीतर प्रदेश भर के करीब 18 हजार पेयजल टैंकों की सफाई की जाएगी। इसके बाद यदि किसी टैंक में गंदगी पाई गई तो अफसरों पर गाज गिरना तय है। सीएम बनने के बाद अपने पहले ही कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आईपीएच विभाग के अफसरों को सख्त दिशा निर्देश जारी किए।
संजौली स्थित प्रदेश के सबसे बड़े जल भंडारण टैंक से प्रदेश व्यापी सफाई अभियान का शुभारंभ करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को स्वच्छ पेयजल मुहैया करवाना सरकार की प्राथमिकता रहेगी। कहा कि पेयजल टैंकों की साल में एक बार सफाई होती है। इसे बदला जाना चाहिए। अब साल में दो बार टैंकों की सफाई का शेड्यूल बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि नए पेयजल स्त्रोतों से भी तब तक पानी लिफ्ट न किया जाए जब तक वहां सफाई व्यवस्था सुनिश्चित न हो। उन्होंने आईपीएच विभाग को अगले 15 दिन में प्रदेश भर के सभी बड़े जल भंडारण टैंकों की सफाई करने के निर्देश दिए।
कहा कि 15 दिन बाद कोई भी जन प्रतिनिधि या व्यक्ति टैंक की सफाई व्यवस्था चैक कर सकता है। यदि टैंक की सफाई नहीं हुई है तो इसकी शिकायत कर सकते हैं। संबंधित अफसरों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गांव के बाद अब घर घर नल लगाएगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि काफी साल पहले उनके विधानसभा क्षेत्र में पेयजल की कमी थी। जब वह ग्रामीण इलाकों का दौरा करते थे तो लोग पीठ पर पानी लादकर पैदल पहाड़ की चोटी पर पहुंचते थे और यहां हो रहे कार्यक्रम के लिए धाम तैयार करते थे।
लेकिन अब हर गांव में पानी का नल लग गया है। सरकार गांव गांव के बाद अब घर घर में पानी का नल लगाने का सपना साकार करेगी।
युग हत्याकांड ने खोली पोल
मुख्यमंत्री ने शिमला के भराड़ी में पेयजल टैंक में चार साल के मासूम युग का शव फेंकने के मामले का भी जिक्र किया। कहा कि इस घटना ने आईपीएच विभाग के अफसरों की पोल खोली है।
कहा कि भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए गंभीरता से काम करना होगा।
नए साल पर मरीजों-तीमारदारों को सस्ती टैक्सी सेवा की सौगात
नए साल पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आईजीएमसी आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को सस्ती टैक्सी सेवा की सौगात दी है। संजौली से लक्कड़ बाजार के बीच चलने वाली एचआरटीसी टैक्सी में आईजीएमसी आने वाले लोगों से अब पहले से आधा किराया लिया जाएगा। इसके अलावा बुजुर्गों को भी कम किराया देना पड़ेगा।
संजौली में सोमवार को पेजयल टैंकों के प्रदेशव्यापी सफाई अभियान के शुभारंभ के मौके पर मुख्यमंत्री ने सस्ती टैक्सी सेवा की घोषणा की। नगर निगम पार्षद सत्या कौंडल और आरती चौहान ने टैक्सियों के किराये में कटौती की मांग रखी थी। इनका कहना था कि वर्तमान में संजौली चौक से लक्कड़ बाजार जाने वाली टैक्सियों में 20 रुपये किराया लिया जा रहा है।
इनमें यदि कोई व्यक्ति आईजीएमसी के पास उतरता है तो उससे भी पूरा किराया वसूला जाता है। वहीं, बुजुर्गों से 15 रुपये किराया लिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इनकी मांग को पूरा करते हुए घोषणा की है कि अब यह किराया 10 रुपये किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के बाकी अस्पतालों के लिए भी टैक्सी सेवा शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।
डीडीयू में लगेगी डिजिटल एक्सरे मशीन
मुख्यमंत्री ने दीन दयाल अस्पताल में डिजिटल एक्सरे मशीन जल्द लगाने के भी निर्देश दिए। कहा कि सीएम पद की शपथ लेने से पहले ही वह स्थानीय विधायक व मंत्री सुरेश भारद्वाज के साथ अस्पताल में फल बांटने गए थे।
इसी दौरान भारद्वाज ने एक्सरे मशीन न होने की बात बताई थी। कहा कि मरीजों को अस्पताल में ही एक्सरे की सुविधा मिले, इसके लिए जल्द से जल्द नई मशीन स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ओवरहेड ब्रिज भी जल्द बनाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने संजौली चौक पर अमृत मिशन के तहत बनने वाले ओवरहेड ब्रिज के निर्माण को भी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। पार्षद सत्या कौंडल ने मांग रखी थी कि इस ब्रिज का निर्माण जल्द किया जाए।
पार्षद का कहना था कि चौक पर यातायात ज्यादा होने से सड़क पार करना मुश्किल हो रहा है। कई बार हादसे भी हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया कि जल्द काम शुरू किया जाए।