कांगड़ा में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाना मेरा सपना: जयराम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि गगल (कांगड़ा) में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाना मेरा सपना है। कांगड़ा के लोग इसमें मदद करें। वह चाहते हैं कि कांगड़ा की धरती पर बोइंग जैसे जहाज उतरें। पूरी दुनिया का टूरिस्ट कांगड़ा पहुंचे। एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की जद में कुछ लोगों की जमीन और घर आएंगे। जिनकी भी जमीनें या घर जाएंगे, सरकार उनकी पूरी मदद करेगी। सीएम तकीपुर डिग्री कॉलेज भवन का उद्घाटन करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा में विकास की बहुत संभावना है।
पर्यटन हिमाचल को अपने पांव पर खड़ा कर सकता है। मंडी-पठानकोट फोरलेन के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। शिमला एयरपोर्ट के विस्तार की स्वीकृति दे दी गई है। मंडी एयरपोर्ट का भी विस्तार होगा। इसकी प्रक्रिया जारी है। गगल एयरपोर्ट पहले से बना है। विस्तार होने से यह हिमाचल के लिए बहुत बड़ी लाइफ लाइन होगी। कहा कि कोरोना वायरस से दहशत का माहौल है, लेकिन हिमाचल में कोरोना का कोई केस नहीं है। इसकी बाकायदा पूरी जांच की गई है। धर्मशाला में बाहर से आने वाले पर्यटकों के स्वास्थ्य की जांच होगी। इसके लिए सरकार ने तैयारियां की हैं। सूबे के लिए 10500 करोड़ की विकासात्मक परियोजनाओं को केंद्र सरकार ने स्वीकृति दे दी है।
सीएम बोले- विकास में मुझे साथ नहीं मिल रहा
धर्मशाला में होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल से मुख्यमंत्री ने कांगड़ा के लोगों से विकास में साथ न मिलने का दर्द बयां किया। उन्होंने एक विधायक के प्रति भी नाराजगी जताई। होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधि धर्मशाला में एक कार्यक्रम करने के लिए सरकार से वित्तीय सहायता मांगने गए थे। एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्वनी बांबा के अनुसार सीएम ने उनसे कहा कि हाल ही में यहां इन्वेस्टर मीट हुई। उस दौरान नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने सरकार के खिलाफ अनापशनाप आरोप लगाए।
तब मेरा किसी ने साथ नहीं दिया। तब होटल एसोसिएशन कहां थी। माफ करना मुझे दिखाई नहीं दी। उन्होंने दो बार प्रधानमंत्री को बुलाया। गगल में मेरा विरोध जताने के लिए काले झंडे लगाए गए। अगर एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनेगा तो उसका लाभ पूरे कांगड़ा जिले को होगा। सीएम ने एक विधायक की ओर इशारा करते हुए कहा कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण के विरोध में धरने प्रदर्शन हुए तो होटल एसोसिएशन के साथ इनका भी सरकार के समर्थन में कोई बयान नहीं आया।