प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन की तैयारियों पर सीएम जयराम ने बुलाई विधायक दल की बैठक
नरेंद्र मोदी प्रदेश में कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाने के शत-प्रतिशत लक्ष्य को पूरा करने के बाद प्रदेशवासियों और फ्रंटलाइन वर्करों से संवाद करेंगे।
सीएम ने सभी मंत्रियों और भाजपा विधायकों को बैठक के लिए बुलाया है। इसमें प्रदेश भर में पीएम मोदी के वर्चुअल संबोधन की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
विस्तार
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गुरुवार शाम सात बजे राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला में विधायक दल की बैठक बुलाई है। इसमें छह सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वर्चुअल संबोधन पर चर्चा होगी। नरेंद्र मोदी प्रदेश में कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाने के शत-प्रतिशत लक्ष्य को पूरा करने के बाद प्रदेशवासियों और फ्रंटलाइन वर्करों से संवाद करेंगे। सीएम ने सभी मंत्रियों और भाजपा विधायकों को बैठक के लिए बुलाया है। इसमें प्रदेश भर में पीएम मोदी के वर्चुअल संबोधन की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। राज्य में पीएम का संबोधन सुनने के लिए लगभग 60 एलईडी स्क्रीनें लगाई जानी हैं। लोगों के बैठने का विशेष रूप से प्रबंध किया जा रहा है। कोविड प्रोटोकाल का ध्यान रखने के भी निर्देश दिए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दौरान प्रदेश में कई लोगों से संवाद भी करेंगे तो इसके लिए भी व्यवस्था की जा रही है। मंत्रियों और विधायकों को अपने-अपने जिलों और हलकों में पीएम नरेंद्र मोदी के संबोधन के दौरान की तमाम व्यवस्थाएं देखने को कहा जाएगा।
लोकसभा, विधानसभा उपचुनाव पर भी चर्चा संभव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के दौरान लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों के बारे में भी चर्चा होगी। उपचुनाव करवाने के पक्ष में होने की मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भारतीय निर्वाचन आयोग को पहले ही अपनी राय दे दी है। अब उपचुनाव की तैयारियों पर भी वह चर्चा करेंगे। संभावित प्रत्याशियों के बारे में भी विचार-विमर्श हो सकता है। इसके अलावा जनजातीय जिलों और प्रदेश भर में रिक्तियों पर होने जा रहे पंचायत चुनाव के बारे में भी मंत्रियों और विधायकों से चर्चा की जा सकती है।
सीएम जयराम ने किया राज्य खाद्य आयोग की वेबसाइट का शुभारंभ
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्य खाद्य आयोग की पहली वर्षगांठ के उपलक्ष्य पर बुधवार को आयोग की वेबसाइट का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वेबसाइट का उद्देश्य राज्य में खाद्य सुरक्षा अधिकार के बारे में जागरूकता लाना है। उन्होंने कहा कि आयोग ने खाद्य एवं पोषण नीति का प्रारूप भी तैयार किया है, जिसे वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा ताकि सभी हितधारकों को जागरूक करने के साथ-साथ उनसे प्रतिक्रिया भी ली जा सके। जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में बच्चों और महिलाओं में कुपोषण और अनीमिया की समस्या को दूर करने के लिए अनेक प्रभावी कदम उठाए हैं। राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र सिंह घोंकरोकटा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और वेबसाइट की विशेषताओं के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सचिव सी. पॉलरासु भी मौजूद रहे।