Himachal News: सैनिक स्कूल सुजानपुर में छात्र से रैगिंग, छह छात्रों और दो वार्डन पर केस दर्ज; जानें पूरा मामला
सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा में आठवीं कक्षा के छात्र के साथ रैगिंग का मामला सामने आया है। ईमेल के जरिये छात्र के पिता ने पुलिस को शिकायत दी है।
विस्तार
सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा में आठवीं कक्षा के छात्र के साथ रैगिंग के आरोप में पुलिस ने छह छात्रों और दो वार्डन के खिलाफ एंटी रैगिंग और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। ईमेल के जरिये छात्र के पिता ने स्कूल प्रबंधन को करीब डेढ़ माह पहले शिकायत की थी। स्कूल प्रबंधन ने एंटी रैगिंग कमेटी के माध्यम से जांच करवाई और बारहवीं कक्षा के एक छात्र को 15 दिन के लिए निलंबित किया था, जिसे अब बहाल कर दिया गया है। वहीं, इस मामले में छात्र के पिता ने एसपी बलवीर सिंह ठाकुर को शिकायत सौंपी थी, जिसके बाद अब सुजानपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पीड़ित छात्र चंबा जिले का निवासी है। छात्र के पिता पुलिस में सेवारत हैं। छात्र ने अपने स्कूल के 12वीं कक्षा के छह सीनियर छात्रों के ऊपर रैगिंग करने और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए हैं। छात्र ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि आरोपी छात्र उसके साथ गलत हरकतें करते थे और उसके साथ मारपीट भी की गई है। उसके कपड़े भी कई दफा उतरवाए गए हैं। जब उसने इसके बारे में वार्डन को बताया तो उन्होंने भी मारपीट और गाली-गलौज किया। आरोपी छात्रों ने उसे 45 मिनट तक मुर्गा बनाए रखा और ऐसा कई दफा किया। उसने तंग आकर दो बार आत्महत्या करने की कोशिश भी की है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सुजानपुर थाना पुलिस ने वीरवार को स्कूल और हॉस्टल में जाकर रिकॉर्ड खंगाला है। यहां पर स्कूल प्रबंधन और संबंधित स्टाफ से भी पूछताछ की गई है।
छात्र की ओर से छह छात्रों के साथ दो हॉस्टल वार्डन के खिलाफ भी शिकायत दी गई है। स्कूल प्रबंधन ने एक छात्र को 15 दिन के लिए निलंबित करने के बाद बहाल कर दिया है। यह छात्र उस ग्रुप का कैप्टन है, जिस ग्रुप में पीड़ित भी शामिल था। इस छात्र को ग्रुप कैप्टन के पद से हटा दिया गया है, जबकि अन्य पांच छात्रों और वार्डन पर क्या कार्रवाई प्रबंधन ने की है, यह स्पष्ट नहीं है।
पीड़ित छात्र एक माह से मेडिकल लीव पर है और अब 15 दिन का अवकाश दोबारा स्कूल प्रबंधन की ओर से बच्चे को दिया गया है। बच्चा अभिभावकों के साथ घर चला गया है। अभिभावकों ने वीरवार को स्कूल हॉस्टल से बच्चे का कुछ सामान पुलिस की मौजूदगी में लिया।
स्कूल प्रबंधन ने एंटी रैगिंग कमेटी के माध्यम से जांच की है। एक छात्र को इस मामले में निलंबित भी किया गया था, जो अब बहाल हो गया है। - कैप्टन रचना जोशी, प्रधानाचार्य, सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा