हिमाचल: कैलेंडर जारी, छात्राओं की 25, छात्रों की 27 सितंबर से इंटर कॉलेज स्पर्धाएं
इंटर कॉलेज खेलकूद प्रतियोगिताओं और युवा महोत्सव की कॉलेज प्राचार्यों और शारीरिक शिक्षकों की आम राय के बाद तय की तिथियों के आधार पर गतिविधियों का कैलेंडर जारी कर दिया गया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा और युवा कार्यक्रम निदेशालय ने एचपीयू शिमला और एसपीयू मंडी के लिए तय की गई इंटर कॉलेज खेलकूद प्रतियोगिताओं और युवा महोत्सव की कॉलेज प्राचार्यों और शारीरिक शिक्षकों की आम राय के बाद तय की तिथियों के आधार पर गतिविधियों का कैलेंडर जारी कर दिया गया है। इसे विवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। इसमें हर खेल स्पर्धाओं की तिथि और मेजबानी कर रहे कॉलेजों और युवा महोत्सव की तिथि और वेन्यू तय कर जारी किए गए हैं। इन स्पर्धाओं में भाग लेने वाले कॉलेजों को तीस सितंबर से पहले मेजबानी कर रहे कॉलेजों में अपनी टीम के पंजीकरण के लिए लिखित में आग्रह करना होगा।
जारी कैलेंडर के अनुसार अनुसार छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिताएं 27 सितंबर से शुरू हो कर 13 दिसंबर तक होंगी। इनमें कुल 21 खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं छात्रा वर्ग की खेलकूद स्पर्धाएं 25 सितंबर से शुरू होगी और 29 नवंबर तक जारी रहेंगी। इनमें कुल 11 खेलों की स्पर्धाएं करवाई जाएंगी। दोनों विश्वविद्यालयों के युवा महोत्सव 14 अक्तूबर से लेकर 23 नवंबर तक अलग-अलग कॉलेजों में होंगे। निदेशक प्रो. संजय शर्मा ने बताया कि खेलकूद और युवा महोत्सव में भाग लेने वाले कॉलेजों को 30 सितंबर तक स्पर्धाओं की मेजबानी कर रहे कॉलेजों को लिखित में अपने कॉलेज की टीम के स्पर्धा में भाग लेने का आग्रह करना होगा। उन्होंने कहा कि विवि की वेबसाइट पर अपलोड किए गए शैक्षणिक सत्र 2024-25 के खेल एवं पाठ्येत्तर गतिविधि के कैलेंडर को देख कर ही टीम का पंजीकरण करवाना होगा।
एससीए गठन के लिए विवि ने कॉलेजों को जारी किए निर्देश
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने विवि की हाई पावर कमेटी के फैसले और कुलपति के निर्देशों के आधार पर एससीए गठन की प्रक्रिया पूरी करने को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। कॉलेजों के लिए वेबसाइट में मनोनयन से एससीए गठन के बने संविधान को अपलोड कर दिया है। इसके अनुसार ही कॉलेज हर संकाय, क्लब सोसायटी, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में अव्वल रहने वाले विद्यार्थियों की मेरिट के आधार पर नए सत्र के लिए एससीए मनोनयन कर विवि को इसकी रिपोर्ट भेजनी होगी। विवि के कुलसचिव की ओर से 13 सितंबर को जारी की गई अधिसूचना में कॉलेजों के लिए एससीए गठन की पूरी प्रक्रिया बताई गई है। इन निर्देशों के अनुसार ही 18 सितंबर से मेरिट तैयार करने की कॉलेजों में प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जो 28 सितंबर तक चलेगी। विवि की अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ममता मोक्टा की ओर से विवि परिसर के विभागों को परिसर की एससीए को मेरिट आधार पर गठित किए जाने के निर्देशों को अपलोड किया गया है।