चोरी कर शातिरों ने घर में लगाई आग, 15 तोला सोना-चांदी और तीन लाख की नकदी ले उड़े
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिलासपुर और मंडी की सीमा से सटी नवाणी पंचायत के त्रिफालघाट में चोरों ने 15 तोला सोना-चांदी और तीन लाख रुपये उड़ाकर घर में आग लगा दी। शनिवार रात को अंजाम दी गई वारदात से पहले चोरों ने मेन गेट के सीसीटीवी कैमरे को ऊपर की ओर मोड़ दिया जबकि वारदात के बाद सीसीटीवी फुटेज के डीबीआर बॉक्स उखाड़ साथ ले गए। वारदात वाले कमरे में आगजनी से सारा सामान जलकर राख हो गया।
हालांकि आग इस कमरे तक ही सीमित रही। घटना के वक्त घर खाली था। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार त्रिफालघाट गांव में शनिवार रात चोरों ने शोभा ठाकुर के घर का ताला तोड़कर 15 तोले सोना और तीन लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर लिए। वारदात के समय मकान मालिक घर पर मौजूद नहीं थे। वह छह दिन पहले ही बग्गी में किसी काम से गए हुए थे।
रविवार सुबह सात बजे मकान मालिक के ड्राईवर देशराज को त्रिफालघाट के टोनी ने शोभा ठाकुर के घर से धुआं निकलने की सूचना दी। जब तक मकान मालिक घर पहुंचती लोगों ने आग पर काबू पा लिया था। बाद में पुलिस को चोरी और आग लगाने के बारे में सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर मकान का निरीक्षण किया और लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं। पुलिस हर पहलू पर छानबीन कर रही है।
योजनाबद्घ तरीके से चोरी को दिया अंजाम
शातिरों ने बेहद योजनाबद्घ तरीके से चोरी को अंजाम दिया। शातिरों ने पहले मेन गेट को फांदा। उसके बाद एक कमरे का ताला तोड़ कर घर के अंदर दाखिल हुए। लेकिन, जिस कमरे में सोना और नकदी रखे गए थे, वे उस कमरे का ताला नहीं तोड़ पाए। शातिरों ने कमरे की खिड़की तोड़ी और फिर नकदी-गहने चुराकर आग लगा दी।
घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, जिसे ध्यान में रखते हुए चोर सीसीटीवी के डीबीआर बॉक्स भी साथ में ले गए। डीबीआर बाक्स भी इसी कमरे में लगा था। गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरा को भी चोरों ने ऊपर की तरफ घुमा दिया था। डीएसपी सरकाघाट चंद्रपाल ने कहा कि बलद्वाड़ा चौकी में केस दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही शातिर पुलिस की हिरासत में होंगे।