Hamirpur: राजेंद्र राणा बोले- बिकाऊ कहने पर सीएम सुक्खू पर करेंगे मानहानि का दावा
राजेंद्र राणा सराहकड़ में जनसभा में कहा कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार वेंटीलेटर पर है और कभी भी वेंटिलेटर का बटन बंद हो सकता है।
विस्तार
विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राणा सराहकड़ में जनसभा में कहा कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार वेंटीलेटर पर है और कभी भी वेंटिलेटर का बटन बंद हो सकता है। हिमाचल के उपचुनाव ही नहीं, बल्कि देशभर में लोकसभा चुनाव भी भाजपा बहुमत के साथ जीतेगी। मुख्यमंत्री सुक्खू ने उन्हें और उनके विधानसभा क्षेत्र के लोगों को धोखा दिया है। सीएम सुक्खू सबूत दें कि धनबल से कौन बिका है। जल्द ही मुख्यमंत्री को इसे लेकर नोटिस भेजा जाएगा और हम उन पर मानहानि का दावा ठोकेंगे। राणा ने कहा कि उनके कार्यों को रोका जा रहा था और उनके विधानसभा क्षेत्र के लोगों के कार्यों के कागज डस्टबिन में फेंके जा रहे थे।
भाजपा में बगावत पर कहा कि सभी से मिलबैठकर बात की जाएगी। 14 माह के कार्यकाल में मुख्यमंत्री तानशाह बन गए हैं। सरकार को सुक्खू नहीं, बल्कि उनकी मित्रमंडली चला रही है। सचिवालय में मंत्रियों के कमरों में सीएम के मित्र बैठते हैं। प्रदेश में दोबारा से डबल इंजन की सरकार बनेगी। सरकार में बहुत से विधायक हैं, जिन पर पहरा बिठाया गया है, ताकि वह भाग न जाएं। कांग्रेस सरकार गिरेगी और 10 से 11 जून नहीं होगा। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र प्रभारी व पूर्व मंत्री विक्रम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार को भविष्य में मात्र झूठ बोलने और प्रदेश का विकास रोकने के लिए याद किया जाएगा। इससे पहले गुरुवार को हमीरपुर पहुंचने पर भाजपा मंडल पदाधिकारियों व समर्थकों ने उनका स्वागत किया। वहीं, एनएसयूआई ने राजेंद्र राणा को काले झंडे दिखाए।
दो साल पहले भाजपा में शामिल होने का बना लिया था मन : लखनपाल
विधानसभा क्षेत्र बड़सर से भाजपा प्रत्याशी इंद्रदत लखनपाल ने कहा कि अगर समर्थकों से चर्चा करते तो पार्टी छोड़ने नहीं देते। एक-दो साल पहले ही ठान चुका था कि भाजपा में शामिल हो जाऊंगा। कांग्रेस में लोकतंत्र नाम की चीज नहीं बची है। यह कदम अचानक से नहीं उठाया गया है। कांग्रेस में रहते हुए अपनी ही सरकार में जलील किया गया। कांग्रेस में रहते हुए अपने लोगों के काम नहीं करवा पा रहे थे, जिसका उन्हें मलाल रहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अब स्तुति गान करने वालों के लिए जगह बची है। अपनी क्षेत्र की जनता की अनदेखी से आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाया है। जब अयोध्या में श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल न होने का फरमान कांग्रेस हाईकमान ने जारी किया तो उससे वह व्यक्तिगत तौर पर बहुत आहत थे।
जिस व्यक्ति को राज्यसभा सांसद के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशी घोषित किया था। वह व्यक्ति हिमाचल के हितों के विरुद्ध माननीय उच्चतम न्यायालय में लड़ाई लड़ता रहा। ऐसे व्यक्ति को वोट डालने के लिए मेरी अंतरआत्मा नहीं मानी। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉक्टर सिकंदर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में टाइमपास सरकार चल रही है। इस सरकार में किसी भी तरह की विश्वसनीयता नहीं है और यह सरकार अस्थिर है। उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री स्वयं जिम्मेवार हैं। इससे पहले उनका बड़सर पहुंचने भाजपा मंडल बड़सर और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता विनोद ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.