Himachal: मंडी के पुलघराट में ढाबा मालिक पर बाइक सवारों ने चलाई गोली, घायल
बिलासपुर के बाद मंडी शहर के साथ लगते पुलघराट में भी गोलीकांड सामने आया है। यहां ढाबे पर आए दो बाइक सवारों ने ढाबा संचालक पर गोली चला दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर के बाद मंडी शहर के साथ लगते पुलघराट में भी गोलीकांड सामने आया है। यहां ढाबे पर आए दो बाइक सवारों ने ढाबा संचालक पर गोली चला दी। शुक्रवार रात पौने 12 बजे की घटना के बाद शातिर बाइक पर सवार होकर सुंदरनगर की तरफ भाग गए। बाइक सवार मंडी की तरफ से आए थे। पुलिस बाइक और आरोपियों को ढूंढने में जुट गई है। मामले की जांच के लिए एएसपी एलआर सचिन हीरेमठ की अध्यक्षता में एसआईटी गठित की है। आरोपियों के खिलाफ सदर पुलिस थाना में केस दर्ज कर लिया है।
घायल ढाबा संचालक ने ये कहा
मंडी शहर के साथ लगते पुलघराट में रॉयल लश किचन ढाबा में शुक्रवार रात बाइक सवार दो युवक आए और खाना पैक करने का ऑर्डर दिया। युवक पंजाबी में बात कर रहे थे। ढाबे में मौजूद मालिक प्रदीप गुलेरिया खाना पैक कर रहा था तो दोनों ने लूटपाट शुरू कर दी। उन्होंने खाने के रुपये देने से भी इन्कार किया। शातिरों ने गल्ले से नकदी निकाल ली और पूछा कि और क्या है तेरे पास? प्रदीप के कुछ भी न होने की बात बोलने पर आरोपियों ने गोली मारने की बात कह डाली। शातिर ढाबे पर लगी एलईडी को भी अपने साथ ले जाने लगे। ऐसा करने से रोकने पर आरोपियों में से एक ने रिवाल्वर निकालकर गोली मार दी। प्रदीप ने बचाव के लिए हाथ उठाया तो पहले गोली हाथ को लगी और उसके बाद गाल में जा लगी। शातिर घटनास्थल से भाग गए।
घायल के अनुसार शातिर ढाबे में लगी सीसीटीवी डीवीआर भी अपने साथ ले गए। घटना के बाद घायल प्रदीप गुलेरिया को उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया गया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। गाल में लगी गोली सूजन के चलते अभी तक निकाली नहीं जा सकी है। घायल की पहचान प्रदीप गुलेरिया (61) पुत्र गोबिंद सिंह निवासी गांव दयारी डाकघर टिल्ली तहसील सदर जिला मंडी के रूप में हुई है। शनिवार सुबह पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया। बताया जा रहा है कि शातिरों की बाइक का नंबर आईटीएमएस में भी साफ नजर नहीं आ पाया है। उधर, एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। हमलावरों की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि पुलिस किरतपुर-मनाली फोरलेन पर लगे आईटीएमएस व टोल बैरियर में लगे सीसीटीवी को खंगाल रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.