वीडियो: बेटे के सवाल पर भावुक हुए BCCI अध्यक्ष, मंच पर ही रो पड़े
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर हिमाचल के हमीरपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर ही रो पड़े। एचपीसीए मामले में वीरभद्र सरकार की ओर से की गई कार्रवाई से आहत होकर वह भावुक हो गए। वह करीब पांच मिनट तक आंसू नहीं रोक पाए।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि उनका 12 साल का बेटा बार-बार सवाल करता है कि पापा आपका कसूर क्या है? आप पर क्रिकेट स्टेडियम को लेकर केस क्यों चल रहे हैं। बीसीसीआई अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से पूछा कि प्रदेश में क्रिकेट को बुलंदी तक ले जाना, धर्मशाला में विश्व का सबसे सुंदर क्रिकेट स्टेडियम बनाना क्या उनका कसूर है।
उन्होंने प्रदेश कांग्रेस सरकार पर एचपीसीए मामले में झूठे केस बनाकर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए। कहा कि उन्हें एचपीसीए का अध्यक्ष बनने की कोई इच्छा नहीं थी लेकिन क्रिकेट एसोसिएशन के आग्रह पर वह अध्यक्ष बने।
सरकार से पूछा क्या हिमाचल में जमीन की कमी है
जब एचपीसीए का कार्यभार संभाला था, उस वक्त सात कुर्सियां, एक लोहे की अलमारी और सालाना बजट 20 लाख रुपये होता था। आज शिमला के प्रगतिनगर और लालपानी, बिलासपुर के लुहणू, ऊना में स्टेडियम सहित धमर्शाला में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम है।
धर्मशाला में आईपीएच, वनडे समेत कई अंतरराष्ट्रीय मैच करवाए। धर्मशाला में जहां पर स्टेडियम बना है उस जमीन की एसोसिएशन 27 लाख रुपये किराया दे रही है। इसके अलावा सोलह सालों से स्थानीय लोगों होटल कारोबारियों और टैक्सी ऑपरेटरों को रोजगार मुहैया करवाया है।
वह हिमाचल में नेशनल क्रिकेट अकादमी खोलना चाहते हैं, लेकिन प्रदेश सरकार इसके लिए जमीन उपलब्ध नहीं करवा रही। उन्होंने सरकार से पूछा है कि क्या प्रदेश में जमीन की कमी हो गई है।
बीसीसीआई अध्यक्ष के लिए कांग्रेस नेता ने किया समर्थन
अनुराग ठाकुर ने कहा कि उन्होंने खेल में कभी बीजेपी और कांग्रेस को शामिल नहीं किया। बीसीसीआई अध्यक्ष के चुनाव के दौरान असम से एक कांग्रेस नेता ने ही उनके नाम का समर्थन किया।
उन्होंने कहा कि हिमाचल में मैच न होने से करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। कहा कि ऊना-नंगल-तलवाड़ा रेल लाइन का काम शीघ्र पूरा होगा। पांच साल के भीतर हमीरपुर ट्रेन पहुंचेगी।
ढाई घंटे में तय किया डेढ़ किमी का सफर
गृह जिला हमीरपुर में बीसीसीआई अध्यक्ष का जोरदार स्वागत हुआ। भोटा चौक से गांधी चौक स्थित बचत भवन तक पहुंचने में अनुराग ठाकुर को ढाई घंटे लग गए। भोटा चौक, सत्यनारायण मंदिर, सब्जी मंडी, बाल स्कूल, गांधी चौक, डीसी कार्यालय चौक समेत जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूलों की बारिश की।
देखें वीडियो