बैंकर्स समिति बैठक: किन्नौर में तलाशी जाएंगी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान खोलने की संभावनाएं
प्रदेश में मार्च 2023 तिमाही के लिए बैंकों के प्रदर्शन की समीक्षा के लिए गुरुवार को शिमला में 168वीं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक आयोजित हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में मार्च 2023 तिमाही के लिए बैंकों के प्रदर्शन की समीक्षा के लिए गुरुवार को शिमला में 168वीं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक आयोजित हुई। प्रदेश के प्रधान सचिव मनीष गर्ग ने जिला किन्नौर में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना किए जाने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब वे किन्नौर में जिलाधीश थे, तब उनके कार्यकाल में उन्होंने स्वयं सहायता समूहों का गठन करवाना शुरू किया था। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना से वहां के लोगों को लाभ मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने कृषि से संबंधित ऋणों को अधिक से अधिक संख्या में स्वीकृत करने का आह्वान किया। उन्होंने अगले वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित किए गए 31417 करोड़ रुपये के ऋणों के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए भी बैंकों से आग्रह किया।
168वीं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यूको बैंक के कार्यकारी निदेशक राजेंद्र कुमार साबू ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2022-23 प्रगतिशील वर्ष रहा है। विश्व बैंक ने अपने नवीनतम अपडेट नोट्स में कहा कि हालांकि वैश्विक वातावरण में महत्वपूर्ण चुनौतियां बनी हुई हैं, भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वित्तीय वर्ष 2022-23 के अच्छे परिणाम सामने आए हैं। वर्ष के दौरान राज्य में 49 एटीएम और 65 नई शाखाएं जोड़ी हैं। जमा राशि में 15533 करोड़ रुपये और अग्रिमों में 7038 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। बैंकों ने कुल 40675 करोड़ के ऋण प्रदान किए और अपने कुल लक्ष्य का 121.39 प्रतिशत प्राप्त किया है, जिसमें से प्राथमिकता क्षेत्र 26392 करोड़ के ऋण दिए जो लक्ष्यों को 93.24 प्रतिशत और गैर प्राथमिकता 14283 करोड़ के ऋण दिए जो इसके अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों को 264.62 प्रतिशत है। वित्त मंत्रालय से निदेशक डॉ संजय कुमार ने कहा कि अप्रैल से जून तक भारत सरकार की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं में प्रधान मंत्री जीवन ज्योति योजना के अंतर्गत 187746 लोगों को शामिल करने का लक्ष्य एवं प्रधान मंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत 403246 का लक्ष्य निर्धारित किया है।
सहकारी बैंक को तकनीकी के क्षेत्र में किया जाएगा और मजबूत: देवेंद्र
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक को तकनीकी के क्षेत्र में और मजबूत किया जाएगा। कई आधुनिक सुविधाओं के साथ बैंक के कारोबार को बढ़ाया जाएगा। प्रशिक्षण संस्थान सांगटी में गुरुवार को बैंक के निदेशक मंडल की पहली बैठक में इस बाबत सहमति बनाई गई। बैठक की अध्यक्षता बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम ने की। बैठक में बैंक से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। निदेशक मंडल के सदस्यों ने एकमत होकर इस बात पर जोर दिया की आने वाले पांच साल के कार्यकाल में बैंक को नई बुलंदियों पर पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम ने बताया कि बैंक तकनीकी क्षेत्र में अपने आप को और अधिक मजबूत करेगा। ग्राहकों को हर नवीनतम सेवाएं उपलब्ध करवाएगा। बैंक वित्त वर्ष 2023-24 में अपने व्यवसाय को 25000 करोड़ के पार करने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। बैंक के प्रबंध निदेशक श्रवण मांटा ने निदेशक मंडल को वित्त वर्ष 2022-23 के आंकड़ों से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि बैंक ने वित्त वर्ष 2022-23 में रिकॉर्ड 177.55 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। बैंक का सकल व्यवसाय 22,000 करोड़ रुपये के पार हो चुका है।