Himachal News: आरडीजी पर बुलाई सर्वदलीय बैठक बेनतीजा, सियासत हावी, बीच बैठक से चले गए भाजपा नेता
बैठक में कांग्रेस और भाजपा दोनों की ओर से सियासत हावी रही। सत्ता पक्ष और विपक्ष में तीखी नोकझोंक हुई।
विस्तार
भाजपा प्रदेश के अधिकारों के लिए खड़ी होने को तैयार नहीं : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि न केवल कांग्रेस बल्कि माकपा, आम आदमी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने भी राजस्व घाटा अनुदान को फिर से बहाल करने के लिए प्रधानमंत्री से मिलने की इच्छा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश के अधिकारों के लिए खड़ी होने को तैयार नहीं है। भाजपा नेता जनता के दबाव में बैठक में शामिल हुए और फिर बीच में ही छोड़कर चले गए। सुक्खू ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार को अपने कार्यकाल के दौरान राजस्व घाटा अनुदान के तौर पर 54,000 करोड़ रुपये और जीएसटी मुआवजे के तौर पर 16,000 करोड़ रुपये मिले थे, जबकि मौजूदा राज्य सरकार को अब तक राजस्व घाटा अनुदान के तौर पर सिर्फ 17,000 करोड़ रुपये मिले हैं।
यह सरकार सिर्फ ओछी राजनीति कर रही : जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में केंद्र सरकार के ऊपर लगाए जा रहे आरोपों और सुक्खू सरकार के रवैये के चलते भाजपा ने बैठक का बहिष्कार किया। उन्होंने कहा कि यह सरकार सिर्फ ओछी राजनीति कर रही है। सर्वदलीय बैठक में प्रेजेंटेशन के दौरान गुमराह करने वाले झूठे आंकड़े दिए जा रहे हैं, जो सिर्फ राजनीति से प्रेरित हैं। मुख्यमंत्री आए दिन बैठक पर बैठक बुला रहे हैं, लेकिन वह खुद कंफ्यूज हैं कि उन्हें करना क्या है। 12वें वित्त आयोग के समय से ही राजस्व घाटा अनुदान बंद करने की पैरवी आयोग की ओर से की जाती रही है।