भीषण अग्निकांड में एक दर्जन झुग्गियां जलकर राख
पुराना होशियार रोड पर सोमवार रात अग्निकांड में प्रवासी परिवारों के लोगों की एक दर्जन झुग्गियां जलकर राख हो गई। पीड़ित परिवारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। अग्निकांड में पीड़ित परिवारों का रहने, खाने व पहनने के सामान सहित आभूषण राख हो गए।
दमकल विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार होशियारपुर रोड पर झुग्गियों में रह रहे प्रवासी परिवारों हुसैन, फतेहगन, रसीद, अहमद, लजीद व गुलाब मोहम्मद की 12 झुग्गियां जलकर राख हो गईं।
पीड़ितों ने बताया कि इस घटना में उनके आभूषण, गैस, कूलर, पंखा, खाने-पीने का सारा सामान, बर्तन, कपड़े आग की भेंट चढ़ गए। वहीं, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं लग पाया है।
तीन जगहों पर बुझाई आग, लाखों का नुकसान बचाया
वहीं, दमकल विभाग के अधिकारी नितिन धीमान ने बताया कि पीड़ित परिवारों को करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई।
घटना की रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंप दी है। इस घटना में कोई भी जानी नुकसान नहीं हुआ है। सदर ऊना के होशियारपुर रोड सहित अरनियाला, लोअर कोटला और कोटला कलां में भी झाड़ियों में आग की घटनाएं सामने आई हैं।
दमकल विभाग के अधिकारी विनोद धीमान ने बताया कि विभाग के कर्मचारियों ने आग पर काबू कर लिया। अरनिलाया में आग से आवासीय क्षेत्र के घरों और कोटला कलां में पशुशाला को बचाया गया है। अन्यथा लाखों का नुकसान हो सकता था।