प्रैक्टिकल परीक्षा में दसवीं के छात्र ने तीन छात्राओं पर फेंका तेजाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तहसील टौणीदेवी के एक सरकारी स्कूल में शनिवार को साइंस की प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान दसवीं कक्षा की तीन छात्राओं पर उन्हीं के एक सहपाठी ने तेजाब फेंक दिया। दो छात्राओं के हाथ और बाजुओं, जबकि एक के मुंह पर तेजाब की बूंदें गिरी हैं। प्रैक्टिकल के लिए स्कूल प्रशासन ने इस तेजाब में पानी मिलाया था, जिससे ज्यादा असर नहीं रहा। आंशिक रूप से झुलसीं तीनों छात्राओं को त्वरित सिविल अस्पताल टौणीदेवी पहुंचाया। यहां उपचार के बाद छात्राओं को घर भेज दिया।
चिकित्सकों ने बताया कि तेजाब में पानी मिलाया था, जिस कारण इसका शरीर पर अधिक असर नहीं दिखा। अगर शुद्ध तेजाब होता तो तीनों छात्राओं की जिंदगी बरबाद हो सकती थी। मेडिकल विशेषज्ञों ने तीनों छात्राओं के मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट्स भी जारी कर दिए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने स्कूल प्रशासन और टौणीदेवी अस्पताल प्रशासन से संपर्क कर मामले की जानकारी हासिल की।
पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि अभी तक न छात्राओं के घर से और न स्कूल प्रशासन से कोई शिकायत मिली है। एमएलसी कटने के बाद पुलिस ने अपने स्तर पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीएमओ हमीरपुर डॉ. अर्चना सोनी ने कहा कि टौणीदेवी अस्पताल में बच्चियों का उपचार हुआ है। खतरे की कोई बात नहीं है। उच्चतर शिक्षा विभाग हमीरपुर के कार्यकारी उपनिदेशक अजय पटियाल ने कहा कि पुलिस में मामला दर्ज करवाया जा रहा है।
जिला उपनिदेशक से इस मामले में रिपोर्ट मांगी जाएगी। चूक कहां हुई, इसकी छानबीन कर उचित कार्रवाई करेंगे। - डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा, उच्च शिक्षा निदेशक