मानसिंह गुर्जर हत्याकांड: फरार सुनील मीणा पर 10 हजार का इनाम घोषित, तलाश में पुलिस की दबिश जारी
बंशीपुरा मोड़ पर मानसिंह गुर्जर हत्याकांड में फरार आरोपी सुनील मीणा पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। मुख्य आरोपी सचिन गुर्जर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
विस्तार
बंशीपुरा मोड़ के पास हुए मानसिंह गुर्जर हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी सुनील मीणा पर पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा ने बुधवार को 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। पुलिस की विभिन्न टीमें फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। दतवास थाना प्रभारी निरमा मीणा के नेतृत्व में पुलिस दल आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रहा है। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन इस जघन्य हत्याकांड में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी गहनता से जांच कर रहा है।
सोशल मीडिया विवाद और अपहरण
16 नवंबर की रात बंशीपुरा मोड़ से तुर्किया की ओर सड़क किनारे मानसिंह गुर्जर गंभीर घायल अवस्था में मिला था। उसे चाकसू उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि सोशल मीडिया पर हुई गाली-गलौज और पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने मानसिंह को कार से अगवा किया था और लोहे के पाइप से उस पर गंभीर मारपीट की थी।
पढ़ें: जिला प्रमुख चुनाव कांग्रेस ने खोला खाता, जैसलमेर में संतोष निर्विरोध चुनी गईं, बीकानेर में बगावत
मुख्य आरोपी भेजा गया जेल
पुलिस ने मुख्य आरोपी सचिन गुर्जर को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कार तथा लोहे का पाइप जब्त कर लिया। रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद पुलिस ने आरोपी सचिन को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब फरार आरोपी सुनील मीणा की तलाश में जुटी है।
