{"_id":"63ef01a9165b50fa4c05fcd5","slug":"the-journey-will-resume-tomorrow-with-78-passengers-2023-02-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Palace on Wheels: 78 यात्रियों के साथ कल फिर शुरू होगा सफर, ट्रेन से आरटीडीसी को तीन करोड़ का हुआ मुनाफा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Palace on Wheels: 78 यात्रियों के साथ कल फिर शुरू होगा सफर, ट्रेन से आरटीडीसी को तीन करोड़ का हुआ मुनाफा
Fri, 17 Feb 2023 09:55 AM IST
अर्पित याज्ञनिक
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, राजस्थान
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, राजस्थान
Published by: अर्पित याज्ञनिक
Updated Fri, 17 Feb 2023 09:55 AM IST
सार
पैलेस ऑन व्हील्स ने आरटीडीसी को तीन करोड़ का मुनाफा दिया है। इंटरनेशनल ट्रैवल मार्ट के बाद स्पेन से आने वाले यात्रियों की पैलेस ऑन व्हील्स में बुकिंग बढ़ी है और घरेलू पर्यटक भी बढ़ रहे हैं।
विज्ञापन
पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन
- फोटो : Amar Ujala Digital
विस्तार
पैलेस ऑन व्हील्स में बढ़ती घरेलू पर्यटकों की संख्या को देखते हुए अब आरटीडीसी इस लग्जरी ट्रेन के किराए को भारतीय मानकों के मुताबिक री-डिजाइन करने पर विचार कर रहा है। पैलेस ऑन व्हील्स ने राजस्थान पर्यटन निगम लिमिटेड को तकरीबन तीन करोड़ रुपये का मुनाफा दिया है। कोविड काल के बाद अक्टूबर-22 से पैलेस ऑन व्हील्स के लगातार फेरे शुरू हुए और जनवरी तक इसमें 500 यात्री सफर कर चुके हैं, जिनमें अधिकांश यात्री भारतीय थे। आगामी 18 फरवरी को पैलेस ऑन व्हील्स का जो फेरा शुरू होने जा रहा है, उसमें 78 यात्री सफर करेंगे, यात्रियों का यह आंकड़ा काफी सुकून देने वाला है, क्योंकि इस ट्रेन में एक बार में 82 यात्री सफर कर सकते हैं।
विज्ञापन
रॉयल ट्रेन में 40-50 फीसदी भारतीयों ने सफर किया
राजस्थान पर्यटन विकास निगम के एमडी वीपी सिंह के अनुसार कोविड काल के बाद विदेशी सैलानियों की संख्या में काफी कमी आई। ऐसे में पैलेस ऑन व्हील्स को लेकर देश के विभिन्न शहरों में फोकस किया गया, इसका परिणाम यह निकला की इस रॉयल ट्रेन में 40-50 फीसदी भारतीयों ने सफर किया। सिंह ने उम्मीद जताई है कि मार्च-अप्रैल में भी पैलेस ऑन व्हील्स इसी तरह फुल रहेगी।
विज्ञापन
स्पेन से मार्च-अप्रैल की बुकिंग 175 के करीब हो चुकी
एमडी वीपी सिंह ने कहा कि आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ के नेतृत्व ने आरटीडीसी और पैलेस व्हील्स ने जो रफ्तार पकड़ी है वो विकास की राह पर सरपट दौडे़गी। हाल ही में स्पेन के मेड्रिड में आयोजित इंटरनेशनल ट्रेवल मार्ट- फितूर में राजस्थान से जो पर्यटन प्रतिनिधि मंडल स्पेन गया वहां चेयरमैन राठौड़ के साथ पैलेस ऑन व्हील्स को लेकर एक रोड शो किया गया था। जिसे वहां उपस्थित अंतरराष्ट्रीय टूर-एण्ड ट्रैवल आपरेटर्स ने काफी पसंद किया। स्पेन में भारतीय राजदूत दिनेश. के . पटनायक ने फितूर में कहा कि जो भी स्पेन का यात्री पैलेस ऑन व्हील्स में सफर करेगा, उसे भारतीय वीजा में काफी सहूलियत दी जाएंगी। सिंह के अनुसार फितूर के आयोजन से पहले स्पेन से करीब 50 यात्रियों की बुकिंग इस ट्रेन के लिए थी और सम्मेलन के बाद मार्च-अप्रैल की बुकिंग 175 के करीब हो चुकी हैं। सिंह ने आशा जताई कि पैलेस ऑन व्हील्स ही नहीं अब आरटीडीसी भी विकास ने नए कीर्तिमान रचेगा, क्योंकि इसकी कमान सही हाथों में है।
विज्ञापन