श्रीगंगानगर बाल सुधार गृह में वार्डन की हत्या: तीन किशोरों पर आरोप, लकड़ी के तख्ते से पीट-पीटकर मार डाला
राजस्थान के श्रीगंगानगर बाल सुधार गृह में 63 वर्षीय पूर्व सैनिक और वार्डन साहब राम की तीन किशोरों ने कथित रूप से लकड़ी के तख्ते से हमला कर हत्या कर दी। परिजन इस मामले की जांच को लेकर अड़े हुए हैं।
विस्तार
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के सरकारी ऑब्जर्वेशन होम एवं बाल सुधार गृह में वार्डन के रूप में तैनात 63 वर्षीय पूर्व सैनिक की तीन किशोरों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
यह घटना बुधवार शाम की है, जब बाल सुधार गृह में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान वार्डन साहब राम परिसर में खराब पड़े एयर कूलर की मरम्मत के लिए सुरक्षा गार्ड से औजार लेने जा रहे थे। आरोप है कि तभी तीन किशोरों ने पीछे से लकड़ी के तख्ते से उन पर हमला कर दिया। पुलिस ने तीनों किशोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इनमें से दो किशोर हत्या के मामलों में पहले से बाल सुधार गृह में निरुद्ध थे, जबकि एक किशोर एनडीपीएस (मादक पदार्थ) अधिनियम के मामले में वहां रखा गया था।
पढे़ं: JNVU में छात्रसंघ चुनाव की मांग पर बवाल, एबीवीपी और पुलिस में तीखी झड़प; कुलपति को बुलाने पर अड़े
श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हम उन्हें आज अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग करेंगे, ताकि हमला करने की वजह का पता लगाया जा सके। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों ने फिलहाल पोस्टमार्टम कराने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है और मुआवजे की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में प्रशासन और परिजनों के बीच बातचीत जारी है। हालांकि परिजन इन किशोरों को बालिग मान रहे हैं। इसी को लेकर उन्होंने प्रदर्शन किया।
परिजनों की प्रमुख मांगें
- पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- मृतक साहबराम पर पहले हुए हमले और बाल संप्रेषण गृह में कथित नशे की आपूर्ति के आरोपों की भी जांच हो।
- घटना के समय मौजूद अन्य कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर उन्हें निलंबित किया जाए।
- परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए।
- परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
- आरोपियों का बोन टेस्ट कराया जाए।