सिरोही में हादसा: रामदेवरा से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बाइक भिड़ी, दो की मौत; तीन गंभीर घायल
आबूरोड के तलेटी क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हुए। मृतकों में रामदेवरा दर्शन कर लौट रहा श्रद्धालु भी शामिल था। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सिरोही रेफर किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आबूरोड सदर थाना क्षेत्र के तलेटी इलाके में टीएडी छात्रावास के पास मंगलवार देर रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल राजकीय उप जिला चिकित्सालय, आबूरोड पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए तीनों घायलों को सिरोही अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मृतकों की पहचान भीमा पुत्र होमा (38), निवासी ओगणा, गोगुंदा, उदयपुर और लालाराम पुत्र वनाराम (18), निवासी बगेरी गिरवर, आबूरोड के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को आबूरोड के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर गिरवर क्षेत्र से परिजन अस्पताल पहुंच गए।
पढे़ं: सास को कांग्रेस से टिकट, दो बहुओं ने ठोकी निर्दलीय ताल; घर-घर पहुंची परिवार की सियासी लड़ाई
जानकारी के अनुसार भीमा अपने साथियों के साथ रामदेवरा में दर्शन कर मोटरसाइकिल से लौट रहा था। इसी दौरान तलेटी क्षेत्र में उसकी बाइक सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई। दूसरी बाइक पर बगेरी निवासी लालाराम सवार था, जो अपने घर की ओर जा रहा था।
हादसे में बदाराम (24), मोहन (10) और मुकेश (18) घायल हुए हैं। बदाराम और मोहन रामदेवरा दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ बताए जा रहे हैं, जबकि मुकेश पिंडवाड़ा क्षेत्र के रामपुरा-बसतगढ़ का निवासी है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।