{"_id":"64f80a5aea43b5def2024e48","slug":"shri-ganga-nagar-love-story-girl-came-to-rajasthan-from-bangladesh-to-meet-her-lover-2023-09-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"Love Story: प्रेमी से मिलने बांग्लादेश से राजस्थान आई युवती, बॉयफ्रेंड की पत्नी से बोली- दोनों साथ रह लेंगे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Love Story: प्रेमी से मिलने बांग्लादेश से राजस्थान आई युवती, बॉयफ्रेंड की पत्नी से बोली- दोनों साथ रह लेंगे
Wed, 06 Sep 2023 10:43 AM IST
अरविंद कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, श्रीगंगानगर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, श्रीगंगानगर
Published by: अरविंद कुमार
Updated Wed, 06 Sep 2023 10:43 AM IST
सार
बांग्लादेश की राजधानी ढाका से एक युवती अपने शादीशुदा प्रेमी से मिलने राजस्थान के अनूपगढ़ जिले में पहुंच गई। छह महीने पहले दोनों की दोस्ती सोशल मीडिया एप से हुई थी। युवती ने प्रेमी से मिलने के लिए करीब 2200 किलोमीटर का सफर तय किया। वह टूरिस्ट वीजा लेकर यहां पहुंची है।
विज्ञापन
प्रेमी और बांग्लादेश से आई महिला
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
श्रीगंगानगर के रावला थाना इलाके में बॉर्डर एरिया के गांव 13 डीओएल में एक और 'सीमा हैदर' (एक बांग्लादेशी महिला) अपने सोशल मीडिया दोस्त से मिलने के लिए यहां पहुंच गई। पहुंचने की सूचना के बाद पुलिसकर्मियों में हडक़ंप मच गया। पुलिस इस महिला व गांव के एक युवक को थाने ले आई। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है। जल्द ही बांग्लादेशी महिला से श्रीगंगानगर में संयुक्त पूछताछ होगी। पुलिस ने बताया कि जानकारी मिली थी कि गांव 13 डीओएल में रोशन पुत्र हंसा सिंह से मिलने के लिए एक बांग्लादेशी महिला आई है। इस सूचना के बाद पुलिसकर्मियों में हडक़ंप मच गया और पुलिस बांग्लादेशी महिला व गांव के युवक को थाने ले आई।
विज्ञापन
इसके बाद पुलिस व खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों को सूचित किया गया। थाने में पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है। जल्द ही महिला की श्रीगंगानगर सीआईडी जोन में विभिन्न एजेंसियों की ओर से संयुक्त पूछताछ कराई जाएगी। एक युवक रोशन से बांग्लादेशी महिला की सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई थी और वह वीजा लेकर उससे मिलने के लिए गांव में पहुंच गई। यह मामला पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर से मिलता-जुलता बताया जा रहा है। इस महिला का नाम हबीबा है, जो ढाका की है। पुलिस महिला से बॉर्डर एरिया में आने के संबंध में पूछताछ कर रही है। रायसिंहनगर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर बूटोलिया के अनुसार, रावला के गांव में एक युवक के घर पर आई बांग्लादेशी महिला को थाने लाया गया है। पुलिस इस महिला से पूछताछ कर रही है। बॉर्डर एरिया में विदेशी व्यक्तियों के आने-जाने पर रोक है।
विज्ञापन
सोशल मीडिया पर हुई थी दोनों की दोस्ती
गांव 13 डीओएल के ग्रामीणों ने बताया कि रोशन और हबीबा की दोस्ती सोशल मीडिया के वॉइस चैट के जरिए दोस्ती हो गई थी। दोनों की दोस्ती लगभग छह महीने पहले की बताई जा रही है। दोनों की इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आए दिन बात होना शुरू हो गया दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदलने लगी और दोनों सोशल मीडिया पर एक दूसरे के साथ रहने की बातें करने लग गए। ग्रामीणों ने बताया कि संभावित दोनों में वीडियो कॉल के जरिये भी बात होती थी।
विज्ञापन
तीन सितंबर को रोशन बीकानेर से हबीबा को लेकर आया था
रोशन के परिजनों ने बताया कि हबीबा तीन सितंबर को सुबह हबीबा बीकानेर पहुंच गई थी। हबीबा ने इसकी सूचना पूर्व में रोशन को दे दी थी। रोशन भी तीन सितंबर को हबीबा को बीकानेर से लेकर शाम तक गांव 13 डीओएल पहुंच गया। बताया जा रहा है कि हबीबा बांग्लादेश से कोलकाता दिल्ली होते हुए बीकानेर पहुंची थी। रोशन की मां कृष्णा बाई पत्नी हंसा सिंह ने बताया कि रोशन का विवाह लगभग दो साल पूर्व की रोजड़ी क्षेत्र सोमा बाई के साथ हुआ था। रोशन के करीब सात महीने का एक बेटा भी है, रोशन की पत्नी सोमा बाई तीन सितंबर को ही सुबह सिरसा में किसी पूजा में शामिल होने के लिए गई हुई है।
हबीब वापस नहीं जाना चाहती बांग्लादेश
रोशन की मां कृष्णा ने बताया कि जब उनके घर आई तो वह हिंदी में बात कर रही थी, उसे पंजाबी भाषा समझ में नहीं आ रही थी। हबीबा ने बताया कि वह वापस बांग्लादेश नहीं जाना चाहती है, उसके पास टूरिस्ट वीजा है और वह भारत में ही रहना चाहती है। हबीबा ने रोशन के परिजनों को बताया था कि बांग्लादेश में घर से आ जाने के कारण उसकी काफी बदनामी हो गई है, इसलिए वह वापस अपने देश नहीं जाना चाहती। हबीबा बांग्लादेश के ढाका के निवासी बताई जा रही है।
रोशन की मां ने बताया कि रोशन और उसका छोटा भाई मलकीत सिंह मजदूरी करते हैं और वह खुद नरेगा में कार्य करती है। रोशन के पिता की मौत लगभग एक साल पहले बीमारी के कारण हो चुकी है। उन्होंने बताया कि रोशन केवल चौथी कक्षा तक पढ़ा हुआ है और वह भोला है। रोशन की बहनों और उसकी मां ने मीडिया और प्रशासन से अपील की है कि वह हबीबा को यहां नहीं रखना चाहते हैं। इसलिए प्रशासन और सरकार उसे वापस बांग्लादेश भेजें।
मौके पर पहुंचे पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि गोपीराम भूकर ने बताया कि एक बांग्लादेशी महिला की गांव में आने की सूचना मिलने पर इसकी सूचना प्रशासन को तुरंत प्रभाव से दे दी गई थी। उन्होंने बताया कि इस मामले में उनके व ग्रामीणों के द्वारा प्रशासन का सहयोग किया जाएगा और किसी भी तरह से इस बांग्लादेशी महिला को वापस उसके देश भेजने का प्रयास किया जाएगा। रावला थाना अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि महिला के पास टूरिस्ट वीजा मिला है और महिला के पास दो हजार रुपये बांग्लादेशी मुद्रा भी मिली है। इस पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। आगामी कार्रवाई उनके निर्देशानुसार ही की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस के द्वारा महिला से लगातार पूछताछ की जा रही है। महिला और रोशन से पूछताछ पुरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।