Ram Navmi Shobha Yatra: रामनवमी पर निकली भव्य शोभायात्रा, मुस्लिम समुदाय ने पुष्प वर्षा कर पेश की एकता की मिसाल
करौली हिंसा के बाद राजस्थान पुलिस शोभायात्रा और जुलूस को लेकर सतर्क हो गई है। हालांकि, रामनवमी पर निकली शोभायात्रा में जगह-जगह कौमी एकता और भाईचारे देखने को मिला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान में रामनवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जयपुर, जोधपुर, अजमेर जैसलमेर सहित कई जिलों में शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान करौली दंगे को देखते हुए पुलिस सतर्क दिखी। भारी पुलिस बल के बीच शोभायात्रा निकाली गई। आमजन सहित मंत्री और विधायक भी राम नाम में लीन दिखे।
केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जोधपुर में अपने घर पर भी पूजा अर्चना की और कन्याओं का पूजन कर भोजन करवाया। इसके बाद वे जोधपुर शहर में आयोजित भव्य शोभायात्रा में शमिल होकर श्री राम दरबार की पूजा की।
वहीं जैसलमेर में भी रामनवमी का त्यौहार इस बार धूमधाम से मनाया गया। पहली बार इस आयोजन में हजारों लोगों ने शिरकत की। लोगों के हुजूम ने 'जयश्री राम के नारों' से पूरे जैसलमेर शहर को गूंजा दिया। गड़ीसर लेक से निकली शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होकर शहीद पूनम सिंह सिंह स्टेडियम पहुंची। पूरे रास्ते लोगों ने फूलों की बरसात करके जैसलमेर को राम मय कर दिया। ढ़ोल ताशों और डीजे के साथ निकली शोभायात्रा में सबसे आगे हाथी चल रहा था। मंगल कलश लिए बालिकाएं और महिलाएं शोभायात्रा में चल रही थी।
मुस्लिम समाज ने पेश की मिसाल
जैसलमेर में एक हाथी, 101ऊंट और 51 घोड़े की मनोहारी शोभायात्रा निकली। विभिन्न झांकियों में नन्हें-मुन्हे बच्चे राम, लक्ष्मण सीता हनुमान आदि बने हुए सुंदर लग रहे थे। हजारों लोगों की भीड़ ने इस त्योहार को जैसलमेर के लिए यादगार बना दिया। रामनवमी पर पुलिस प्रशासन अलर्ट होकर काम कर रही थी। वहीं मुस्लिम समाज के लोगों ने शोभायात्रा पर फूलों की बरसात करके आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की।
अजमेर में चांद बावड़ी स्थित चंद्रेश्वर महादेव मंदिर से से जुलूस निकाला गया। जुलूस में 10 झांकियां, 3 काली माता के अखाड़े, बैंड और ढोल शामिल हुए। धौलपुर जिले में निकाली गई रामनवमी की शोभायात्रा में कौमी एकता की मिसाल देखने को मिली। धारा 144 लागू होने के बाद जिला कलेक्टर और एसपी के नेतृत्व में पूरे शहर में रामनवमी की शोभायात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा के दौरान दर्जनभर जगहों पर मुस्लिम समाज के लोगों ने पुष्प वर्षा कर श्री राम के जयकारे लगाए।
शोभायात्रा में शहर के लोगों के साथ भाजपा की टीम भी मौजूद रही। इनके साथ ही पूर्व विधायक अब्दुल सगीर यात्रा में आकर्षण का केंद्र रहे। जिन्होंने भगवान श्रीराम के जयकारे लगाने के साथ कौमी एकता का परिचय दिया। शोभायात्रा का भाजपा जिला मंत्री सतेंद्र पाराशर सहित विधायक शोभारानी कुशवाह और अलग-अलग समाज के लोगों ने स्वागत किया।