राजस्थान में मौसम ने बदली करवट: मानसून की विदाई शुरू, अब बढ़ेगी गर्मी; दक्षिण-पूर्व में बारिश का आखिरी दौर
राजस्थान में मानसून की विदाई शुरू हो गई है। पश्चिमी इलाकों में तापमान बढ़ने लगा, जबकि दक्षिण-पूर्वी जिलों में हल्की बारिश जारी है। अगले दिनों मौसम में बदलाव दिखेगा।
विस्तार
राजस्थान में मानसून अब लौटने लगा है। शनिवार से प्रदेश के पश्चिमी हिस्से से मानसून की विदाई शुरू हो गई। बीकानेर के खाजूवाला, फलोदी और जैसलमेर के बॉर्डर इलाकों से इसकी वापसी का पहला चरण शुरू हुआ है। इस बार मानसून की विदाई सामान्य समय से करीब दो दिन देर से हुई।
मानसून की वापसी के साथ मौसम का मिजाज भी बदलने लगा है। पश्चिमी राजस्थान में आसमान साफ होने लगा है और दिन का तापमान बढ़ रहा है। दूसरी ओर दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में अभी मानसून की सक्रियता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। यहां कुछ इलाकों में हल्की बारिश का दौर जारी है।
एंटी साइक्लोन ने बदला मौसम का ट्रेंड
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पाकिस्तान-राजस्थान सीमा के आसपास एंटी साइक्लोनिक सिस्टम बनने लगा है। इसके असर से वातावरण में नमी तेजी से कम हो रही है। आसमान साफ होने और बारिश की गतिविधियां घटने के पीछे इसे अहम कारण माना जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार राजस्थान के अलावा पंजाब और गुजरात के कुछ हिस्सों में भी मानसून की वापसी के अनुकूल परिस्थितियां बनने लगी हैं।
यह भी पढें- जोधपुर मेयर चुनाव का सस्पेंस खत्म: भाजपा ने प्रसन्न चंद को उतारा, कांग्रेस से राजेंद्र; रोचक हुआ मुकाबला
एक दिन में कई शहरों का तापमान चढ़ा
बारिश थमने और आसमान साफ होने का सीधा असर तापमान पर दिखाई दिया। शनिवार को प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 1 से 9 डिग्री तक बढ़ गया। जैसलमेर में दिन का तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। चित्तौड़गढ़, उदयपुर, जयपुर, भीलवाड़ा, अजमेर, कोटा, डूंगरपुर, सिरोही और प्रतापगढ़ समेत कई जिलों में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई।
दक्षिण-पूर्व में अभी बारिश का आखिरी दौर
मानसून की विदाई शुरू होने के बावजूद दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश पूरी तरह थमी नहीं है। शनिवार को बारां, उदयपुर, झालावाड़, कोटा, सवाई माधोपुर, सिरोही, बूंदी और चित्तौड़गढ़ में कुछ जगह बारिश हुई। बारां के अटरू में सबसे ज्यादा 29 मिमी पानी बरसा। बारां और झालावाड़ के कुछ इलाकों में करीब आधा इंच तक बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने रविवार को भी प्रदेश के सात जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई है। यानी पश्चिमी राजस्थान में जहां मानसून की वापसी का असर दिखने लगा है, वहीं दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में बारिश का आखिरी दौर अभी जारी रह सकता है।
जयपुर में धूप तेज, तापमान 33.6 डिग्री
जयपुर में शनिवार को ज्यादातर समय मौसम साफ रहा और तेज धूप निकली। अधिकतम तापमान 3.4 डिग्री बढ़कर 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। गर्मी के साथ कुछ इलाकों में हल्की उमस भी रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि जयपुर में अगले तीन-चार दिन मौसम मुख्यतः साफ रहेगा। मानसून की वापसी के साथ अब प्रदेश में बारिश की जगह धूप और बढ़ते तापमान का दौर धीरे-धीरे हावी होने लगेगा।