दर्दनाक हादसाः राजस्थान के टोंक में बस पलटी, 6 छात्रों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजस्थान के टोंक ज़िले के देवली में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 12 पर रोड़वेज की ओवरलोड़ बस के पलटने से 6 लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 43 यात्री घायल हो गए। दर्दनाक सड़क हादसे मे ज्यादातर यात्री वनरक्षक भर्ती परीक्षा देकर बूंदी से जयपुर लौट रहे थे।
घायलों का टोंक के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि गंभीर रूप से घायल एक दर्जन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में उपचार के लिए रेफर कर दिया गया। आशंका जताई जा रही है कि हादसे में मरने वालों की संख्या में अभी और इजाफा हो सकता है।
जानकारी के मुताबिक़ हादसा शाम छह बजे के करीब देवली के धांधोली मोड़ पर हुआ। बूंदी से जयपुर के लिए जा रही रोडवेज बस अचानक अनियंत्रित होकर अपना संतुलन खो बैठी और पलट गई।
बस में ज्यादातर युवा सवार थे जो बूंदी से वनरक्षक भर्ती की परीक्षा देकर लौट रहे थे। बस पलटने के कारण मौके पर चीख पुकार मच गई। बस के नीचे दबने के कारण छह लड़कों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कई दर्जन गंभीर रूप से घायल हो गए।
चार दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल
घटना की सूचना के बाद क्षेत्रीय विधायक राजेन्द्र गुर्जर, टोंक विधायक अजीत सिंह मेहता, सांसदसुखबीर जौनापुरिया और जिला कलेक्टर समेत कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे। घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से कुछ लोगों को उपचार के बाद सवाईं मान सिंह अस्पताल के लिए भेज दिया गया।
हादसे में मरने वालों के नाम
बस दुर्घटना में मृतकों में ब्रदीनारायण पुत्र श्रीनारायण जाट निवासी बालापुरा तहसील डिग्गी
रणजीत सिंह पुत्र भंवरलाल जाट निवासी काचरियां तहसील टोडाराय सिंह
विनोद कुमार पुत्र गंगाराम रैगर निवासी चांदसिंहपुरा तहसील दूनी टोंक
अर्जुनलाल पुत्र बद्री रैगर निवासी जालपाली मूंदरा तहसील सीकर
नरेन्द्र कुमार पुत्र प्रहलाद यादव निवासी बीसनगढ़ शाहपुरा जयपुर शामिल हैं।
मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना
मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने टोंक जिले के धांधोली गांव के पास बस दुर्घटना में 6 व्यक्तियों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
राजे ने अधिकारियों को घायलों के इलाज के लिए माकूल इन्तजाम करने के निर्देश भी दिए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना को लेकर शोक व्यक्त किया है। वहीं हादसे के बाद गायब हुए चालक तेजपाल और परिचालक उदय सिंह को रोडवेज प्रशासन ने निलंबित कर दिया।