नागौर: उपाध्यक्ष के विजय जुलूस में नवनिर्वाचित पार्षद के घर पर हंगामा, पत्थर-बोतलें फेंकने का आरोप; जानें
नागौर के मुंडवा में उपाध्यक्ष के विजय जुलूस के दौरान नवनिर्वाचित पार्षद रमाकांत शर्मा के घर पर गाली-गलौज, पत्थर और बोतलें फेंकने का आरोप लगा। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने थाने के बाहर धरना देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
विस्तार
मारवाड़ मुंडवा नगरपालिका में उपाध्यक्ष पद पर भाजपा उम्मीदवार दिनेश चंद्र वर्मा की जीत के बाद निकाले गए विजय जुलूस के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। आरोप है कि वार्ड नंबर 7 से नवनिर्वाचित पार्षद और भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रमाकांत शर्मा के घर के सामने से जुलूस गुजरने के दौरान कुछ लोगों ने गाली-गलौज की और घर की ओर बोतलें व पत्थर फेंके।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता नगरपालिका कार्यालय तथा मुंडवा थाने पहुंचे और धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोपियों को जल्द हिरासत में लेने की मांग की।
घटना की सूचना मिलने पर मुंडवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घर के बाहर और थाने के पास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। धरनाधारियों का आरोप है कि जुलूस के दौरान जानबूझकर उकसावे की स्थिति पैदा की गई और रमाकांत शर्मा के घर की ओर पत्थर व बोतलें फेंकी गईं। उन्होंने गाली-गलौज करने वालों के साथ ही उन्हें उकसाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, विजय जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से निकल रहा था। रमाकांत शर्मा के घर के सामने पहुंचने के बाद कुछ लोगों ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी और बोतलें व पत्थर फेंके। इससे घर के सदस्यों और आसपास के लोगों में रोष फैल गया।
पढे़ं: सात नगर निगमों में छह जगह भाजपा, पाली में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी की जीत
घटना को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरएलपी कार्यकर्ताओं से मुंडवा थाने के बाहर पहुंचने की अपील की। बेनीवाल ने कहा कि चुनाव में हार-जीत होती रहती है, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि के घर पर इस तरह हमला करना उचित नहीं है। उन्होंने राजस्थान पुलिस से दोषियों के खिलाफ जल्द कानूनी कार्रवाई की मांग की और कार्रवाई नहीं होने पर जन आंदोलन की चेतावनी दी।
घटना के बाद पुलिस अधिकारी प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत करते रहे। पुलिस की ओर से आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। वहीं, धरनाधारी आरोपियों की तत्काल हिरासत की मांग पर अड़े हुए हैं। मुंडवा नगरपालिका में उपाध्यक्ष पद के चुनाव के बाद हुई इस घटना ने स्थानीय राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। रमाकांत शर्मा वार्ड नंबर 7 से नवनिर्वाचित पार्षद हैं और भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रह चुके हैं।
फिलहाल मुंडवा थाना क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की पहचान में जुटी है। धरनाधारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।