Rajasthan: कैबिनेट बैठक में आरएसएस को लेकर भिड़े मंत्री, विवाद बढ़ता देख सीएम गहलोत ने कराया मामला शांत
मंत्री शांति धारीवाल और भजन लाल जाटव ने शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला के कामकाज पर सवाल उठा दिए। धारीवाल ने आरएसएस अधिकारियों के तबादला नहीं करने पर नाराजगी जताई।
विस्तार
मुख्यमंत्री अशाोक गहलोत की अध्यक्षता में शनिवार देर शाम हुई कैबिनेट की बैठक में मंत्री आपस में भिड़ गए। बैठक में शिक्षा विभाग के कामकाज को लेकर विवाद हो गया। यूडीएएच मंत्री शांति धारीवाल और पीडब्ल्यूडी मंत्री भजनलाल जाटव ने बीडी कल्ला को खूब खरी सुनाई। बाद में सीएम गहलोत ने मामला शांत करवाया।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार शांति धारीवाल ने बीडी कल्ला के कामकाज पर सवाल उठाए। धारीवाल ने कहा कि शिक्षा विभाग में आरएसएस से जुड़े कर्मचारी और अफसर लंबे समय से एक ही जगह हैं। आरएसएस बैकग्राउंड वाले कर्मचारी और अफसर हमारा राज होने के बावजूद नहीं बदले गए। यह मंत्री को सोचना चाहिए।
इसके बाद मंत्री भजन लाल जाटव भी शिक्षा मंत्री के विरोध में आ गए। जाटव ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मेरे क्षेत्र में महात्मा गांधी इंग्लिश स्कूल खोले गए हैं लेकिन स्कूल खोले जाने की जानकारी मुझे ही नहीं दी गई। मैं विधायक हूं, मुझे ही नहीं बताया। इसपर बीडी कल्ला ने कहा कि विभाग के अपने मापदंड है। वो अपने स्तर पर स्कूल खोलता है। कैबिनेट बैठक में यूं मंत्रियों के भिड़ने पर सीएम गहलोत ने मामला शांत करवाया।
इसके बाद सीएम गहलोत ने मंत्रियों की क्लास लगाई। उन्होंने मंत्रियों से कहा कि जनता के लिए हर मंत्री दरवाजा खुला रखें। कई मंत्री जनता से नहीं मिल रहे हैं, जो ठीक नहीं है।