Rajasthan: पुलिसकर्मियों पर नशे में हंगामा करने का आरोप, आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने पर 16 घंटे दिया धरना
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने नशे में गाली गलौज की और जनप्रतिनिधियों के साथ बदतमीजी की। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ।
विस्तार
करौली के मंडरायल थाने के हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल पर शराब पीकर हंगामा मचाने का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दोनों पुलिसकर्मियों ने शराब पीकर जनप्रतिनिधियों से अभ्रदता की। दोनों पुलिसकर्मियों को हटाने की मांग की लेकर ग्रामीणों ने 16 घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया।
आरोप है कि कस्बे के थाने पर तैनात हेड कांस्टेबल जनक सिंह और कांस्टेबल गिरधारी ने शराब पीकर गाली गलौज और जनप्रतिनिधियों से अभद्रता की। इस पर कस्बेवासियों और कांग्रेस जनप्रतिनिधि शुक्रवार रात को थाने के आगे धरने पर बैठ गए। करौली डीएसपी दीपक गर्ग और मंडरायल उपखंड अधिकारी रमेश कुमार ने प्रदर्शनकारियों से समझाईश लेकिन वे कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। 16 घंटे के बाद दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ।
वहीं थाने के हेड कांस्टेबल जनक सिंह ने बताया कि शेखपुरा में रात्रि को दो पक्षों में झगड़ा हो रहा था। सूचना पर थाने से हम लोग मौके पर पहुंचे तो वहां पर 40-50 आदमियों की भीड़ इकट्ठा हो रही थी। जिस पर दोनों तरफ के आरोपियों को पकड़कर थाने में ले आए। इस कार्रवाई से नाराज होकर मेरे ऊपर झूठा आरोप लगाया जा रहा है। तहसीलदार ने बताया कि लोगों की शिकायत के आधार पर दोनों पुलिसकर्मियों का मेडिकल चेकअप करवाया गया। जिसमें शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई। जांच के बाद दोषी होने पर कार्रवाई की जाएगी।