कांग्रेस में होगी चौंकाने वाली उठापटक!
राजस्थान में विधानसभा और लोकसभा चुनावों में ऐतिहासिक हार झेल चुकी कांग्रेस में होनेवाली उठापटक चौंकानेवाली होगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट शीघ्र कार्यकारिणी गठित करेंगे और इसमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व केन्द्रीय मंत्री व राष्ट्रीय महासचिव सी.पी. जोशी के चहेतों को जगह तक मिलना मुश्किल हो रहा है।
सूत्रों का कहना है कि चारों खाने चित पार्टी को नए सिरे से उठाने के लिए युवा चेहरों को मौका मिलेगा। सूत्रों ने बताया कि पायलट सप्ताह भर में नई कार्यकारिणी गठित करेंगे।
कार्यकारिणी में शामिल होंगे कई नए चेहरे
नई कार्यकारिणी छोटी और ऐसे युवाओं की होगी, जिन्हें कभी जिम्मेदार पद पर काम करने का मौका नहीं मिला। पायलट वर्तमान कार्यकारिणी को भंग करने के लिए पहले ही राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र सौंप चुके हैं।
विधानसभा और लोकसभा में अपने पुत्र वैभव गहलोत को टिकट दिलाने में विफल रहे अशोक गहलोत को कुछ राहत के छींटे मिल सकते हैं। वैभव को पायलट कार्यकारिणी में जगह मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पुराने लोगों में शांति धारीवाल, उदयलाल आंजना सहित अन्य कुछ नामों को प्राथमिकता मिलने की उम्मीद है। प्रवक्ता मण्डल में भी एक को छोड़ लगभग सभी को बदला जा सकता है।