Rajasthan Weather: सर्द हवाओं का असर कम, इस बार तेज गर्मी पड़ने के संकेत; मार्च में पारा 37 तक डिग्री पहुंचा
Rajasthan Weather: उत्तर में हुई बर्फबारी के बाद राजस्थान में पारा अचानक गिर गया था। लेकिन अब फिर तापमान में तेजी महसूस होने लगी है। अभी मार्च का पहला सप्ताह ही है और प्रदेश का अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक चला गया है।
विस्तार
राजस्थान में इस बार तेज गर्मी पड़ने के संकेत मिल रहे हैं। मार्च का पहला सप्ताह होने के बावजूद प्रदेश का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बीते दो दिनों में उत्तर से चल रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में कुछ गिरावट आई थी, लेकिन अब फिर से गर्मी बढ़ने लगी है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में प्रदेश के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और वृद्धि हो सकती है। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। बीते 24 घंटों में राजस्थान में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री रहा।
प्रदेश के कई शहरों में आसमान साफ रहने के साथ ही दिनभर सर्द हवाएं चलती रहीं। अजमेर में न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री, भीलवाड़ा में 8 डिग्री, अलवर में 15.4 डिग्री, जयपुर में 15.7 डिग्री, सीकर में 7.5 डिग्री, बीकानेर में 13 डिग्री, चूरू में 8.9 डिग्री, गंगानगर में 11.2 डिग्री, बाड़मेर में 14.4 डिग्री, जैसलमेर में 14.6 डिग्री और चित्तौड़गढ़ में 8 डिग्री दर्ज किया गया।