PM Modi Rajasthan Visit: आज कांग्रेस को हिंदुत्व और तुष्टीकरण मुद्दे पर घेरेंगे PM मोदी,कर्नाटक में मतदान जारी
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आबूरोड की जनसभा में न केवल कांग्रेस की राजस्थान में गहलोत सरकार को जमकर घेरेंगे। बल्कि कर्नाटक और दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर भी जमकर सियासी हमले करेंगे। खासतौर पर हिंदुत्व और तुष्टीकरण के मुद्दे आगे रखकर जनता को संबोधन रहेगा। इसका मैसेज कर्नाटक तक जाएगा, जहां आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिंदुत्व और तुष्टीकरण के मुद्दे पर कांग्रेस को आज राजस्थान के धरती से जमकर घेरेंगे। राजसमंद के नाथद्वारा में सुबह 11 बजे श्रीनाथजी मंदिर दर्शन के साथ ही हिंदुत्व और भगवा का संदेश पहुंचना शुरू हो जाएगा। हालांकि, कर्नाटक में आचार संहिता लगी हुई है, लेकिन राजस्थान से कर्नाटक समेत देश भर में इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल माध्यमों से मोदी की आवाज पहुंचेगी। बीजेपी पार्टी ने इसके लिए बाकायदा स्ट्रेटजी तैयार की है। उदयपुर में कन्हैयालाल तेली टेलर का 'तन से जुदा' नारे वाला सिर कलम करने वाला वीभत्स हत्याकांड, जयपुर बम ब्लास्ट के आरोपियों के बरी हो जाने, हिन्दू रैलियों पर पथराव की घटनाओं, अलवर में मंदिर तोड़ने, कर्नाटक में बजरंग दल पर बैन की बात कहने, प्रदेश में अपराध, महिलाओं से रेप, दलितों से अत्याचार, बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर फोकस रखकर कांग्रेस सरकार को घेरा जाएगा।
बता दें कि आज कर्नाटक में मतदान है। इसीलिए 12 मई को मोदी का दौरा रिशेड्यूल करके 10 मई बुधवार का रखा गया है। आबूरोड मानपुर हवाई पट्टी के ग्राउंड पर प्रधानमंत्री की बड़ी जनसभा रखी गई है। पीएम मोदी के कार्यक्रम हिंदुत्व पर फोकस रखकर डिजाइन किए गए हैं, जिसमें श्रीनाथजी मंदिर दर्शन से लेकर जनसभा तक के कार्यक्रम हैं। राजस्थान के इस आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र से कर्नाटक चुनाव में बड़ा सियासी मैसेज देने की तैयारी है।
पीएम नरेंद्र मोदी दो जनसभाएं करेंगे, ये है पूरा प्रोग्राम...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुबह 11 बजे राजसमंद के नाथद्वारा में श्रीनाथजी मंदिर के मुख्य महाराज विशाल बावा, मंदिर प्रबंधक सुधाकर उपाध्याय और मंदिर ट्रस्ट सीईओ जितेंद्र ओझा दर्शन-पूजा करवाएंगे। मोदी नवनीत प्रिया और श्रीनाथजी में आरती दर्शन करेंगे। पीएम मोदी का 11.45 बजे नाथद्वारा में रोड शो भी रहेगा। इसके बाद 18 ब्राह्मण विद्यार्थी और उपाध्याय वेद मंत्रों का उच्चारण करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने हाथ से ब्राह्मणों को लालन चौक पर प्रसाद और दक्षिणा देंगे। पीएम मोदी श्रीनाथ जी को प्रणाम करेंगे और चौकी पर बैठेगे। बैठक में समाधान रीति की परंपरा होगी। इसके बाद मंदिर के मुख्य महाराज विशाल बाबा और मंदिर प्रबंधक सुधाकर उपाध्याय प्रधानमंत्री को फेंटा बांधेंगे, ऊपरना देंगे, रजाई, प्रसाद और पान का बीड़ा देंगे। मोती महल में विशाल बावा प्रधानमंत्री को श्रीनाथ जी की पिछवाई पेंटिंग्स और बुक सौंपेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री मंदिर से नाथद्वारा के दामोदर स्टेडियम के लिए रवानगी लेंगे।
नाथद्वारा के दामोदर स्टेडियम में होगी मोदी की पहली जनसभा...
दोपहर 12 बजे बाद पीएम मोदी नाथद्वारा के दामोदर स्टेडियम में डाइस पर पहुंचेंगे। जहां राजसमंद की बीजेपी सांसद दीया कुमारी की स्पीच होगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भी संबोधन का कार्यक्रम रखा गया है। यहां बटन दबाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एनएच 162E, चारभुजा से निचली ओडन नाथद्वारा तक दो लेन हाइवे का शिलान्यास करेंगे। मावली से मारवाड़ तक रेलवे लाइन का आमान परिवर्तन, नाथद्वारा से नाथद्वारा टाउन तक नई रेलवे लाइन बिछाने, उदयपुर रेलवे स्टेशन का री-डिवेलपमेंट करने, NH8 को 287वें किलोमीटर से 401.200 वे किलोमीटर सेक्शन तक सिक्स लेन करने, एनएच 112 के बर- बिलाड़ा-जोधपुर सेक्शन हाईवे के सड़क चौड़ीकरण और स्ट्रेंथनिंग वर्क, झाडोल से अंबावेली तक सड़क को दो लेन करने के प्रोजेक्ट का प्रधानमंत्री शिलान्यास करेंगे। इस दौरान शॉर्ट फिल्म भी दिखाई जाएंगी। इसके बाद दोपहर करीब 12:45 से 1:15 बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन होगा।
ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय माउंट आबू शांतिवन पहुंचेंगे मोदी, ग्लोबल चैरिटेबल हॉस्पिटल का करेंगे शिलान्यास...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर करीब 3:30 बजे ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय माउंट आबू पहुंचेंगे। शांतिवन में ब्रह्माकुमारी संस्थान की पूर्व प्रमुख दादी ह्रदय मोहिनी जी को पुष्पांजलि देंगे। पीएम मोदी डायमंड हॉल में डाइस पर बैठेगे। जहां उनका स्वागत होगा। ब्रह्मकुमारी संस्थान के कार्यकारी सचिव डॉ बीके मृत्युंजय स्वागत उद्बोधन देंगे। इसके बाद कल्चरल परफॉर्मेंस रखी गई है। राजयोगिनी डॉ बीके जयंती बहन पीएम मोदी को पांच मिनट मेडिटेशन कराएंगी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बटन दबाकर ग्लोबल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ साइंसेज का शिलान्यास करेंगे। इस दौरान एक शॉर्ट फिल्म भी दिखाई जाएगी। शाम चार से 4:15 बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन रखा गया है।
मानपुर एयर स्ट्रिप मैदान पर होगी मोदी की विशाल जनसभा...
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम साढ़े चार बजे मानपुर एयरस्ट्रिप पर पहुंचेंगे। जहां एयरस्ट्रिप ग्राउंड पर विशाल जनसभा होगी। मानपुर में पीएम मोदी लोगों से किया अपना पिछला वादा पूरा करेंगे। पिछली बार गुजरात के अंबाजी से मानपुर पहुंचने पर पीएम मोदी रात 10 बजने के कारण लाउडस्पीकर से जनसभा को संबोधित नहीं कर पाए थे, आज वह कसर पूरी होगी। मोदी जमकर राजस्थान की गहलोत सरकार और कांग्रेस पार्टी को इस सभा से घेरेंगे। बीजेपी ने इस सभा के लिए करीब एक लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है।
आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों पर पीएम का राजस्थान में फोकस...
खास बात यह कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान के आदिवासी क्षेत्रों में बीजेपी की मजबूत पकड़ बना रहे हैं। मोदी के राजस्थान में पिछले दोनों दौरों को देखा जाए तो दोनों आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों मानगढ़ धाम (दक्षिणी राजस्थान ट्राइबल एरिया) और दौसा (मीणा-गुर्जर) बेल्ट में हुए हैं। अब तीसरा दौरा भी आबूरोड में ही रखा गया है। आदिवासी क्षेत्र में रेल और रोड परियोजनाओं के साथ ही आदिवासियों के लिए ग्लोबल चैरिटेबल हॉस्पिटल की नींव मोदी रखकर बड़ा सियासी संदेश देंगे।