Pahalgam Terror Attack: मंत्री शेखावत ने नीरज उधवानी को दी श्रद्धांजलि, बोले- कायरतापूर्ण हमले का देंगे जवाब
मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के चलते देश ने उरी और पुलवामा जैसे हमलों का सख्त जवाब दिया और यह स्पष्ट कर दिया कि भारत किसी भी भारत विरोधी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगा।
विस्तार
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि पहलगाम में हुआ कायरतापूर्ण हमला सीमा पार से प्रायोजित था, जो हृदयविदारक, निंदनीय के साथ ही पूरी तरह अस्वीकार्य घटना है।
केंद्रीय मंत्री ने इस आतंकी हमले में मारे गए जयपुर के रहने वाले नीरज उधवानी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है। उनके नेतृत्व में सरकार ने उरी और पुलवामा हमलों के जवाब में जिस तरह स्ट्राइक की, उससे पूरी दुनिया को यह कड़ा संदेश गया था कि भारत किसी भी भारत विरोधी गतिविधि को स्वीकार नहीं करेगा और उसका कड़ा जवाब देगा।
ये भी पढ़ें- Pahalgam Terror Attack: जयपुर में नीरज उधवानी का अंतिम संस्कार आज, श्रद्धांजलि देने पहुंचे सीएम भजनलाल
बता दें कि नीरज उधवानी की पार्थिव देह बुधवार शाम को दिल्ली के रास्ते जयपुर पहुंचा था। केंद्रीय मंत्री दिल्ली से जयपुर एयरपोर्ट तक नीरज के पार्थिव देह के साथ पहुंचे थे। शेखावत नीरज के अंतिम संस्कार में शामिल हुए और उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
ये भी पढ़ें- अशोक गहलोत बोले- यह समय राजनीति का नहीं, एकजुटता का...आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा
रॉबर्ट वाड्रा का बयान दुर्भाग्यपूर्ण
शेखावत ने रॉबर्ट वाड्रा के उस बयान की निंदा की है, जिसमें वाड्रा ने कहा था कि देश में हिंदू-मुस्लिम हो रहा है, इससे मुसलमान असहज महसूस कर रहे है। यही कारण है कि पहचान पूछकर आतंकवादी हत्याएं कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वाड्रा ने अपने बयान में जिस तरह आतंकियों और ऐसी घटनाओं को समर्थन देने वाली मानसिकता के प्रति अपनी सहानुभूति जताई है, वह कांग्रेस के चरित्र को दर्शाता है।