जयपुर: दो महीने से लापता युवक का नहीं मिला सुराग, परिजनों ने पुलिस से लगाई तलाश की गुहार
जयपुर के किशनगढ़-रेनवाल क्षेत्र का 24 वर्षीय भोलूराम वर्मा दो महीने से लापता है। परिजनों ने बजाज नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद अब पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व को ज्ञापन देकर युवक की तलाश और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार
किशनगढ़-रेनवाल क्षेत्र के चारणवास (मुंडियागढ़) निवासी 24 वर्षीय भोलूराम वर्मा करीब दो महीने से लापता है। अब तक उसका कोई पता नहीं चलने से परिजन परेशान हैं। उन्होंने पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व को ज्ञापन देकर युवक की तलाश के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, भोलूराम पुत्र भंवरलाल 8 सितंबर 2026 को शाम करीब छह बजे जयपुर जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह न तो वापस लौटा और न ही उससे कोई संपर्क हो पाया। परिजनों ने अगले दिन 9 सितंबर को बजाज नगर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई थी।
परिजनों का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद युवक के बारे में अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने रिश्तेदारों और परिचितों के साथ अपने स्तर पर भी उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
यह भी पढें- दीपावली पर जयपुर में ये रहेगा ट्रैफिक प्लान, परकोटे के बाजारों में वाहनों की एंट्री पर रोक
इस मामले में भोलूराम के भाई रवि वर्मा ने पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व को ज्ञापन सौंपा है। इसमें मामले की गंभीरता से जांच कराने, संबंधित थाने को जरूरी निर्देश देने और युवक की तलाश के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई है। परिजनों ने गुमशुदगी रिपोर्ट के बाद पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी भी मांगी है।
परिजनों ने पुलिस प्रशासन से भोलूराम को जल्द तलाश कर सुरक्षित घर पहुंचाने की अपील की है।
लापता युवक: भोलूराम वर्मा, उम्र करीब 24 वर्ष, निवासी चारणवास (मुंडियागढ़), किशनगढ़-रेनवाल।