Jaipur News: जयपुर दौरे पर रेल मंत्री : स्टेशन नाम बदलने का प्रस्ताव, युवाओं के लिए मैन्युफैक्चरिंग स्कीम
Jaipur News:रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जयपुर दौरे पर खातीपुरा स्टेशन का निरीक्षण किया। स्टेशन नामों में "जयपुर" जोड़ने का सुझाव दिया। 5000 युवाओं के लिए मैन्युफैक्चरिंग स्कीम और वंदे भारत ट्रेनों की घोषणा की।
विस्तार
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार से अपने दो दिवसीय जयपुर दौरे के दौरान रेलवे से जुड़े कई अहम प्रस्तावों और घोषणाओं की जानकारी दी। उन्होंने लघु उद्योग भारती के कार्यक्रम में शिरकत करते हुए स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों से सुझाव मांगे कि जयपुर के रेलवे स्टेशनों के नामों में "जयपुर" जोड़ा जाए, जिससे बाहर से आने वाले यात्रियों को भ्रम न हो।
स्टेशन नाम में "जयपुर" जोड़ने का सुझाव
रेल मंत्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे "गांधीनगर रेलवे स्टेशन" का नाम "जयपुर गांधीनगर" किया जा सकता है, जिससे यह स्पष्ट हो कि यह स्टेशन राजस्थान में स्थित है, न कि गुजरात में। इसी प्रकार "खातीपुरा रेलवे स्टेशन" का नाम भी "जयपुर खातीपुरा" करने पर विचार हो रहा है। उन्होंने जयपुरवासियों और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे मिलकर इस पर निर्णय लें।
युवाओं के लिए इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग कार्यक्रम
लघु उद्योग भारती के साथ मिलकर 5000 युवाओं के लिए इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किया जाएगा। साथ ही, जयपुर में एक इंटीग्रेशन सेंटर भी बनाया जाएगा, जहां स्टार्टअप्स को मेंटरशिप और इन्वेस्टर कनेक्ट की सुविधा दी जाएगी। यह प्रोजेक्ट जल्द ही जमीन पर उतरने की उम्मीद है।
खातीपुरा स्टेशन का निरीक्षण
अपने दौरे की शुरुआत में रेल मंत्री खातीपुरा रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने इंटीग्रेटेड कोच परिसर और रेल कोच रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ के साथ बैठक में उन्होंने परिसर के विस्तार और सुविधाओं को बढ़ाने पर चर्चा की।
बड़ी मेंटेनेंस फैसिलिटी की योजना
रेल मंत्री ने बताया कि जयपुर में एक बड़ी ट्रेन मेंटेनेंस फैसिलिटी विकसित की जाएगी, जहां एक साथ 12 से 18 ट्रेनों का मेंटेनेंस संभव होगा। इसमें वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों का रखरखाव भी किया जाएगा, जिससे जयपुर से नई ट्रेनों की शुरुआत की जा सकेगी।
नई वंदे भारत ट्रेन सेवाएं जल्द
उन्होंने बताया कि जोधपुर से दिल्ली और बीकानेर से दिल्ली के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवाएं जल्द शुरू की जाएंगी। इसकी तैयारी अंतिम चरण में है। वहीं जैसलमेर के लिए एक ओवरनाइट ट्रेन की योजना पर भी काम हो रहा है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
फाटक मुक्त शहर और इंडस्ट्रील कनेक्टिविटी
रेल मंत्री ने यह भी घोषणा की कि राजस्थान के प्रमुख शहरों को रेलवे फाटक से मुक्त करने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए दो से तीन महीने में विस्तृत योजना तैयार कर केंद्र को भेजी जाएगी। इंडस्ट्री के लिए कार्गो और मल्टीपरपज टर्मिनल्स विकसित किए जाएंगे और रेलवे ट्रैक्स के दोनों ओर फेंसिंग का कार्य भी तेजी से किया जाएगा।
स्टार्टअप्स को मिला मंच
जगतपुरा स्थित लघु उद्योग भारती के नवनिर्मित भवन में स्टार्टअप्स और नए आइडियाज के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर भी उपस्थित रहे।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें
रेल मंत्री के साथ जयपुर सांसद मंजू शर्मा, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा और महापौर सौम्या गुर्जर भी उपस्थित रहे। दोपहर 3:30 बजे मंत्री जयपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन की सेकेंड एंट्री पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे, इसके बाद गांधीनगर जयपुर स्टेशन का दौरा भी करेंगे।