Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jaipur News ›   jaipur housing board 70 lakh plot fraud three contractual employees arrested

राजस्थान: 70 लाख के भूखंड पर फर्जीवाड़ा, आवासन मंडल के तीन संविदा कर्मचारी गिरफ्तार; ऐसे बनाया फर्जी पट्टा

Sat, 28 Nov 2026 10:30 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर Published by: आशुतोष प्रताप सिंह Updated Sat, 28 Nov 2026 10:30 AM IST
सार

जयपुर में 70 लाख रुपये के आवासीय भूखंड के फर्जीवाड़े में जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने राजस्थान आवासन मंडल के तीन संविदा कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फर्जी हस्ताक्षर, पुरानी तस्वीर और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर भूखंड का पट्टा अपने नाम करवाकर उसे बेच दिया था। इससे पहले पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

विज्ञापन
jaipur housing board 70 lakh plot fraud three contractual employees arrested
गिरफ्तार आरोपी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान आवासन मंडल में तैनात कर्मचारियों की मिलीभगत से 70 लाख रुपये कीमत के भूखंड का फर्जीवाड़ा करने का मामला सामने आया है। जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने इस मामले में आवासन मंडल के तीन संविदा कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों ने कमीशन के लालच में भूखंड मालिक के फर्जी हस्ताक्षर और पुरानी तस्वीर का इस्तेमाल कर फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए। इसके बाद भूखंड का नियमितीकरण और पट्टा अपने नाम करवाकर उसका बेचान कर दिया।

विज्ञापन

तीनों आरोपी जवाहरलाल नेहरू मार्ग स्थित राजस्थान आवासन मंडल कार्यालय में संविदा पर कार्यरत थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

विज्ञापन

फर्जी हस्ताक्षर और तस्वीर से तैयार करवाए दस्तावेज

पुलिस जांच में सामने आया कि परिवादी नरेंद्र कुमार गुप्ता को राजस्थान आवासन मंडल की ओर से एक आवासीय भूखंड आवंटित किया गया था। परिवादी ने भूखंड की निर्धारित और एकमुश्त राशि भी जमा करवा दी थी। इसके बावजूद आरोपियों ने साजिश रचकर भूखंड पर कब्जा जमाने की योजना बनाई।

विज्ञापन
विज्ञापन


आरोपियों ने परिवादी के फर्जी हस्ताक्षर और उसकी पुरानी तस्वीर का इस्तेमाल किया। इसके बाद झूठे गवाहों और आवासन मंडल के कर्मचारियों की मिलीभगत से फर्जी इकरारनामा, मुख्त्यारनामा और वसीयतनामा तैयार करवाया। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर भूखंड का नियमितीकरण और पट्टा अपने हक में करवाकर उसे बेच दिया गया। पीड़ित की शिकायत पर 13 मई को मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

कंप्यूटर ऑपरेटर, चपरासी और सुरक्षा गार्ड गिरफ्तार

पूर्वी क्षेत्र की पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने बताया कि मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों की पहचान हो गई है। इनमें टैगोर नगर करतारपुरा निवासी 32 वर्षीय प्रवीण उज्जैनिया, जेडीए कॉलोनी झालाना डूंगरी निवासी 43 वर्षीय अशोक कुमार बैरवा और झुंझुनूं के खेतड़ी बबाई निवासी 30 वर्षीय विकास कुमार जाट शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रवीण उज्जैनिया आवासन मंडल में कंप्यूटर ऑपरेटर, अशोक कुमार बैरवा चपरासी और विकास कुमार जाट सुरक्षा गार्ड के पद पर संविदा के तहत कार्यरत थे। तीनों पर कमीशन के लालच में फर्जी लीज डीड तैयार करने और भूखंड को खुर्द-बुर्द करने का आरोप है।

दो आरोपी पहले ही हो चुके गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले की जांच के दौरान पहले गोपाल लाल मीणा और विक्रम सिंह को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों ने आवासन मंडल में संविदा पर काम करने वाले अपने साथियों की भूमिका का खुलासा किया था। उन्होंने पुलिस को बताया कि अशोक कुमार बैरवा, विकास कुमार जाट और प्रवीण उज्जैनिया भी इस फर्जीवाड़े में सीधे तौर पर शामिल थे। इसके बाद पुलिस ने तीनों कर्मचारियों की भूमिका और अपराध में संलिप्तता की पुष्टि होने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed