राजस्थान: एक घर में तीन मौतें, दीवार पर लिखा- 'मरने की वजह मोबाइल में है', उलझी गुत्थी
जयपुर के भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र में एक मकान के कमरे से मां और उसके दो बच्चों के शव मिले हैं। शुरुआती आशंका है कि बेटे ने मां और बहन की हत्या के बाद आत्महत्या की। दीवार पर मिली पर्ची में मोबाइल फोन में सुसाइड नोट होने का जिक्र है। मकान विवाद और पिता की पूर्व में हुई मौत के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
विस्तार
राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक ही मकान के कमरे से मां और उसके दो बच्चों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तीनों के शव मकान के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक कमरे में मिले। शुरुआती जानकारी में आशंका जताई जा रही है कि बेटे ने पहले मां और बहन की हत्या की और फिर खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारणों और घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटनास्थल पर मिली एक पर्ची और मोबाइल फोन में मौजूद जानकारी इस मामले की जांच के अहम सुराग बन सकते हैं।
दीवार पर चिपकी मिली पर्ची, मोबाइल में सुसाइड नोट होने का जिक्र
पुलिस को कमरे की दीवार पर एक पर्ची चिपकी मिली है। इसमें मोबाइल फोन में सुसाइड नोट होने की बात लिखी गई है। बताया जा रहा है कि पर्ची में मोबाइल का पासवर्ड भी दर्ज किया गया है। पुलिस अब मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर उसमें मौजूद डेटा और सुसाइड नोट की जांच करेगी। इससे परिवार के हालात और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में मदद मिल सकती है।
परिवार के बारे में आसपास के लोगों को भी ज्यादा जानकारी नहीं
स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार के सदस्य आसपास के लोगों से ज्यादा बातचीत नहीं करते थे। वे अक्सर ऑनलाइन डिलीवरी के माध्यम से सामान मंगवाते थे। पड़ोसियों से सीमित संपर्क होने के कारण परिवार की अंदरूनी परिस्थितियों के बारे में फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
मकान को लेकर विवाद की भी चर्चा, पिता की मौत की भी जांच
स्थानीय स्तर पर मकान को लेकर अदालत में मामला चलने की चर्चा भी सामने आई है। इसके अलावा पिता की मौत को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि उनकी मौत भी पूर्व में आत्महत्या से हुई थी। हालांकि, इन सभी जानकारियों की पुलिस स्तर पर पुष्टि होना बाकी है। पुलिस पारिवारिक विवाद, संपत्ति से जुड़े पहलुओं और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस जुटा रही साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलने पर भट्टा बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पुलिस मोबाइल फोन की जांच के साथ परिजनों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि तीनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकेगी।
