Rajasthan: सरकारी स्कूल की शिक्षिका ने लगाई फांसी, पिता का आरोप-दहेज के लोभ में ससुराल वालों ने मारा
अजमेर में एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका ने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर पांच लाख रुपये के लालच में बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है।
विस्तार
अजमेर में एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के पिता का आरोप है कि दहेज के लोभ में सास और पति उनकी बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे। उन्हीं लोगों ने मिलकर उनकी बेटी का मारा है।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार बिजयनगर के बड़ा आसन गांव की शिक्षिका मीरा मेघवंशी ने ससुराल में फांसी लगा ली। पति जब कमरे में लौटा तो उसने पत्नी की लाश फंदे पर लटकी देखी। जिसके बाद वह आननफानन में शव को फंदे से उतारकर अस्पताल ले गया लेकिन डॉक्टरों ने उसकी पत्नी को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर की सूचना पर बिजयनगर थाना पुलिस और पुलिस उपाधीक्षक पूनम भरगड़ भी अस्पताल पहुंची और उन्होंने घटना की जानकारी ली।
मृतका के पिता गोपीलाल बलाई ने बिजयनगर थाने में ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। पिता ने आरोप लगाया कि तीन साल पहले संतोष मेघवंशी पुत्र पूरण मेघवंशी से उन्होंने अपनी बेटी की शादी करवाई थी। शादी के बाद से ही उसका पति और सास आए दिन दहेज की मांग को लेकर मारपीट करते थे। ससुराल वाले बेटी से पांच लाख रुपये दहेज की मांग कर रहे थे। पिता का आरोप है कि दहेज के लोभ में पति और सास ने उनकी बेटी की हत्या कर दी। बिजयनगर थाना पुलिस ने पीहर पक्ष की रिपोर्ट पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।