राजस्थान: कोटा अग्निकांड के बाद भी नहीं चेते दौसा के कोचिंग संचालक, बिना फायर एनओसी चल रहा सेंटर सीज
दौसा में नगर परिषद ने बिना फायर एनओसी और सुरक्षा इंतजामों के संचालित ज्ञानसागर कोचिंग सेंटर को सीज कर दिया। जांच में बंद इमरजेंसी गेट, बेसमेंट में लाइब्रेरी और भवन अनुमति नहीं होने की खामियां मिलीं। पांच मैरिज होम भी सीज किए गए।
विस्तार
कोटा में कोचिंग संस्थान में हुए अग्निकांड के बाद भी दौसा में कोचिंग संचालक सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर रहे थे। शहर के बीचों-बीच आगरा रोड पर स्थित ज्ञानसागर कोचिंग सेंटर बिना फायर एनओसी और पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के संचालित हो रहा था। यहां रोजाना बड़ी संख्या में छात्र पढ़ने आते थे। शुक्रवार को नगर परिषद ने कार्रवाई करते हुए कोचिंग सेंटर को सीज कर दिया।
कोटा हादसे के बाद भी लापरवाही
कुछ दिन पहले कोटा के एक कोचिंग संस्थान में आग लगने से बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें कई छात्र फंस गए थे। इस घटना के बाद प्रदेशभर में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए थे। सभी नगर परिषदों और नगर पालिकाओं को कोचिंग संस्थानों में फायर एनओसी की जांच करने के आदेश दिए गए थे। इसके बावजूद दौसा में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया।
जांच में सामने आईं गंभीर खामियां
नगर परिषद आयुक्त हंसा मीणा को आगरा रोड स्थित ज्ञानसागर कोचिंग सेंटर में सुरक्षा इंतजाम नहीं होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शुक्रवार सुबह आयुक्त के निर्देश पर नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। इस दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं।
पढ़ें: भारत सरकार लिखी स्कॉर्पियो से पहुंचे, फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर की लूट
जांच में कोचिंग सेंटर में अग्निशमन यंत्र नहीं मिला। इमरजेंसी एग्जिट गेट बंद था और बेसमेंट में लाइब्रेरी बनाकर छात्रों को पढ़ाया जा रहा था। इसके अलावा भवन निर्माण की अनुमति भी नगर परिषद से नहीं ली गई थी। कोचिंग सेंटर के पास फायर एनओसी भी नहीं थी। इन खामियों को देखते हुए नगर परिषद ने कोचिंग सेंटर को सीज कर दिया। सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण आग लगने की स्थिति में छात्रों की जान खतरे में पड़ सकती थी।
बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं : आयुक्त
नगर परिषद आयुक्त हंसा मीणा ने कहा कि कोटा की घटना के बाद भी यदि कोचिंग संचालक सुरक्षा नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, तो यह गंभीर लापरवाही है। कोचिंग संस्थानों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी पढ़ने आते हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना फायर एनओसी के किसी भी कोचिंग संस्थान या मैरिज होम को संचालित नहीं होने दिया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पांच मैरिज होम भी सीज
नगर परिषद ने कोचिंग सेंटर के साथ ही शहर में नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रहे पांच मैरिज होम को भी सीज किया है। इन मैरिज होम के पास भी फायर एनओसी नहीं थी। शादी-समारोह के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए अग्नि सुरक्षा के इंतजाम जरूरी हैं। इसके अलावा नगर परिषद ने बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों को बंद करवाया और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की।
अन्य कोचिंग संचालकों में हड़कंप
ज्ञानसागर कोचिंग सेंटर को सीज किए जाने के बाद शहर के अन्य कोचिंग संस्थानों में भी हड़कंप मच गया। कार्रवाई के बाद कई संचालक अग्निशमन यंत्र लगवाने और जरूरी दस्तावेज पूरे करने में जुट गए। इस कार्रवाई के बाद शहर में संचालित अन्य कोचिंग सेंटरों, हॉस्टलों और बहुमंजिला इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि नगर परिषद पूरे शहर में अभियान चलाकर अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच करती है या कार्रवाई कुछ संस्थानों तक ही सीमित रहती है।