पुलिस महानिदेशक लाठर बोले: मोबाइल-इंटरनेट का उपयोग अब जरूरत बन गया, लेकिन इससे अपराध भी बढ़ रहे
पुलिस महानिदेशक लाठर ने कहा कि मोबाइल और इंटरनेट के बढ़ते उपयोग से साइबर और महिलाओं के प्रति अपराध भी बढ़ रहे हैं। साइबर क्राइम के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए बड़े स्तर पर प्रयास होने चाहिए। उन्होंने पुलिस मुख्यालय में 10 साइबर वारियर्स का सम्मान भी किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पुलिस महानिदेशक एमएल लाठर ने कहा कि बदलते परिवेश में पुलिस कर्मियों के तकनीकी कौशल को बढ़ाने के प्रयास करने की आवश्यकता है। आमजन को भी साइबर अपराधों के बारे में अधिक से अधिक जागरूक किया जाना चाहिए। इससे लगातार बढ़ रहे साइबर अपराध में कमी आएगी। लाठर सोमवार शाम पुलिस मुख्यालय में साइबर वारियर्स सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
पुलिस महानिदेशक और विश्विद्यालय के कुलपति डॉ. आलोक त्रिपाठी ने इस अवसर पर 10 साइबर वारियर्स को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान देकर सम्मानित किया। इस दौरान लाठर ने कहा कि मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग अब एक आवश्यकता बन गया है, लेकिन इनके बढ़ते उपयोग से साइबर और महिलाओं के प्रति अपराध भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध के बारे में आमजन को जागरूक करने के लिए बड़े स्तर पर प्रयास होने चाहिए। साइबर वारियर्स को बधाई देते हुए उन्होंने विश्विद्यालय और आवास फाउंडेशन के द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
इनका किया गया सम्मान
सम्मान समारोह में पुलिस उप अधीक्षक संजय आर्य, पुलिस निरीक्षक सज्जन कंवर, पुलिस निरीक्षक पूनम चौधरी, कॉन्स्टेबल रोशन कुमार, हेड कॉस्टेबल टोंक राजेश चौधरी, कॉन्स्टेबल अलवर तनवीर कुमार, कॉन्स्टेबल बीकानेर दिलीप सिंह, कॉन्स्टेबल चालक अभिमन्यु कुमार सिंह, कॉन्स्टेबल उदयपुर कुलदीप सिंह और कॉन्स्टेबल एसओजी महेंद्र कुमार को सम्मानित किया गया।
साइबर सुरक्षा और अपराध के बारे में कोर्स किए शुरू
कुलपति डॉ. आलोक त्रिपाठी ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा प्रदान करने और अनुसंधान कार्यों के साथ ही आमजन को जागरूक करने के बारे में प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा साइबर सुरक्षा और अपराध के बारे में डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स भी प्रारम्भ किए हैं। इन कॉर्सेज को करने वालों को पुलिस उपनिरीक्षक और कॉन्स्टेबल भर्ती में लाभ देने का भी प्रावधान किया गया है। उन्होंने पुलिस कर्मियों को विश्विद्यालय के तकनीकी कॉर्सेज करवाने पर भी जोर दिया।
बेहतर प्रशिक्षण की आवश्यकता
अतिरिक्त महानिदेशक अपराध डॉ. रवि प्रकाश ने कहा कि तकनीकी विकास से अनेक सुविधाओं बढ़ने के साथ ही साइबर क्राइम भी बढ़े हैं। मोबाइल, ऑनलाइन और यूपीआई द्वारा भुगतान की सुविधा के साथ इससे फ्रॉड भी बढ़े हैं। बढ़ते क्राइम को ध्यान में रखते हुए पुलिस कर्मियों को बेहतर प्रशिक्षण की आवश्यकता है। इस अवसर पर सरदार पटेल पुलिस, सुरक्षा और दांडिक न्याय विश्वविद्यालय और आवास फाउंडेशन द्वारा आमजन के लिए बनाए गए साइबर सुरक्षा के वृतचित्र का प्रदर्शन भी किया गया।