भीलवाड़ा में धनतेरस की शाम भीषण हादसा: पुलिया से नीचे गिरी कार; तीन मजदूरों की मौत, आठ घायल
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ थाना क्षेत्र में मेनाल के पास धनतेरस की शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। सांवरिया सेठ के दर्शन कर कोटा लौट रहा एक परिवार कार से पुलिया पार कर रहा था, तभी कार अनियंत्रित होकर नीचे हाईवे निर्माण स्थल पर जा गिरी।
विस्तार
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में धनतेरस की शाम एक भीषण सड़क हादसे ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मांडलगढ़ थाना क्षेत्र के मेनाल के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे निर्माण स्थल पर जा गिरी। इस दौरान कार पानी के टैंकर से टकराई और वहां काम कर रहे मजदूर भी उसकी चपेट में आ गए। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। घायलों में कार सवार एक ही परिवार के पांच सदस्य भी शामिल हैं।
पुलिया से नीचे गिरी कार, टैंकर से टकराने के बाद मजदूरों को कुचला
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को कोटा निवासी एक परिवार धनतेरस के अवसर पर सांवरिया सेठ के दर्शन कर कार से वापस लौट रहा था। इसी दौरान मेनाल के पास हाईवे निर्माण कार्य चल रहा था। पुलिया से गुजरते समय कार अचानक अनियंत्रित हो गई और नीचे निर्माण स्थल पर खड़े पानी के टैंकर से टकराते हुए गहरे खड्डे में जा गिरी। हादसे के दौरान निर्माण कार्य में लगे मजदूर भी कार की चपेट में आ गए। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
महिला सहित तीन मजदूरों की मौत
हादसे में कार की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सांवता पुत्र देवीलाल औड निवासी बोलपुरिया, प्रेम पत्नी शंभूलाल बंजारा निवासी बिलोना बड़ी और बिहारीलाल पुत्र नाथूलाल बंजारा निवासी बिलोना बड़ी आरोली के रूप में हुई है। धनतेरस के दिन हुए इस हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिन घरों में दीपावली की तैयारियां चल रही थीं, वहां अपनों की मौत की खबर से मातम पसर गया।
सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहा परिवार भी घायल
हादसे में कार सवार कोटा निवासी भूपेंद्र पुत्र बालकिशन, उनकी पत्नी रीना, बेटियां साक्षी और अदीक्षा तथा बेटा उमंग घायल हो गए। परिवार धनतेरस पर सांवरिया सेठ के दर्शन कर घर लौट रहा था। धार्मिक यात्रा से लौटते समय परिवार इस भीषण दुर्घटना का शिकार हो गया। इसके अलावा चांदनी पत्नी नंदलाल बंजारा, सुनीता पत्नी फतेहलाल बंजारा और अर्जुन पुत्र बिहारी बंजारा भी घायल हुए हैं। इस तरह हादसे में कुल आठ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही मांडलगढ़ थाना प्रभारी राजकुमार नायक पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों और मृतकों के शवों को मांडलगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। लाडपुरा पुलिस चौकी प्रभारी रामसिंह के अनुसार, हादसे में घायल आठ लोगों में कार सवार पांच सदस्य और तीन मजदूर शामिल हैं। सभी को बेहतर उपचार के लिए भीलवाड़ा जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। मांडलगढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक बेंगू थाना क्षेत्र के निवासी हैं। ऐसे में बेंगू पुलिस को भी सूचना दी गई है। मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है। शवों का पोस्टमार्टम शनिवार सुबह मांडलगढ़ अस्पताल में कराया जाएगा।
हाईवे निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद हाईवे निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। निर्माण स्थल पर मजदूर काम कर रहे थे और वहीं पानी का टैंकर भी खड़ा था। ऐसे में पुलिया से नीचे गिरी कार सीधे मजदूरों की चपेट में आ गई।
हादसे ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा घेरा, चेतावनी संकेतक और अन्य जरूरी इंतजामों की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े किए हैं। धनतेरस की शाम हुए इस हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। दीपावली की खुशियों के बीच तीन परिवारों ने अपने अपनों को खो दिया।