Rajasthan: ATM बदलकर मजदूर के खाते से निकाले 76 हजार, बदमाशों का पीछा करने के दौरान पुलिस जीप पलटी, पांच घायल
पुलिस ने एटीएम बदलकर ठगी करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं हादसे में घायल पुलिसकर्मियों को नागौर के जेएलएन अस्पताल में भर्ती करवाया है।
विस्तार
नागौर के एसपी और कलेक्टर ऑफिस के बाहर स्थित एसबीआई एटीएम से शुक्रवार को बदमाशों ने एटीएम कार्ड बदलकर एक मजदूर के खाते से 76 हजार रुपए निकाल लिया। वहीं आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम की गाड़ी पलट गई। हादसे में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
सदर थाना क्षेत्र के गोगेलाव निवासी देरामाराम पुत्र भंवर लाल मेघवाल ने थाने में रिपोर्ट दी। उसने बताया कि उसके खाते में कोलायत से ईंट भट्टे पर काम करने के लिए मजदूरी के पैसे आए थे। वह मजदूरी के पैसे नागौर में किसी को देने थे। ऐसे में वह पैसे निकालने अपने भाई के साथ एसबीआई एटीएम पहुंचा। उसने 50 हजार निकालने की कोशिश की, ऐसे में पैसे नहीं निकले। वहीं पास खड़े युवक ने कहा कि कार्ड मुझे दो मैं पैसे निकाल देता हूं। उसने एटीएम मशीन में लगाई और बोला कि पैसे नहीं निकल रहे हैं। ऐसे में दोनों भाई मोटरसाइकिल से लौटने लगे। जैसे ही वे महिला थाने के पास पहुंचे, उन्हें 36 हजार रुपये निकालने का मैसेज आया। दोनों ने वापस जाकर देखा तो एटीएम पर कोई नहीं था। ऐसे में पुलिस को सूचना दी। रोल थाना पुलिस आरोपियों को पीछा करने लगी, इसी दौरान पुलिस की गाड़ी पलटी खा गई। कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
वहीं डीडवाना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा, जायल डीएसपी, कोतवाली थाना अधिकारी हनूमानसिंह चौधरी ने खुद आरोपियों का पीछा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 16 अलग अलग बैंकों के एटीएम भी जब्त किया गया है। घायल रोल थाने के पांच पुलिस कर्मी को नागौर के जेएलएन अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज किया जा रहा है।