Rajasthan: बूंदी की शिक्षिका के सामने अमिताभ बच्चन नतमस्तक, 11 लाख का चेक भेज लिखा- मेरी प्रार्थना आपके साथ
राजस्थान के बूंदी की एक शिक्षिका शोभा कंवर ने केबीसी में 6 लाख 40 हजार रुपये जीते थे। अब अमिताभ बच्चन ने उन्हें 11 लाख रुपये भेजकर उनकी प्रशंसा की है।
विस्तार
महानायक अमिताभ बच्चन ने बूंदी के एक सरकारी स्कूल की टीचर शोभा कंवर को चिट्ठी लिखकर खूब तारीफ की है। बेटियों की शिक्षा को लेकर शिक्षिका की ओर से किए जा रहे प्रयासों से बिग बी बेहद प्रभावित हैं। इसलिए उन्होंने बूंदी की शोभा कंवर को 11 लाख रुपये का चेक भेजा है।
अमिताभ बच्चन ने चिट्ठी में क्या लिखा
आदरणीय शोभा जी,
सादर नमस्कार, हर अच्छे शिक्षक को शिक्षा का महत्व और उसकी शक्ति का पूर्ण आभास रहता है। शिक्षा वो कुंजी है जिससे एक स्वतंत्र जीवन का सुनहरा द्वार खुल सकता है।
शिक्षा केवल पढ़ने, लिखने और गणना तक सीमित नहीं है, बल्कि औपचारिक शिक्षा एक बेहतर इंसान और एक बेहतर समाज के निर्माण में काम आने वाले ज्ञान और कला का साधन है। अच्छी शिक्षा इंसान को व्यक्तिगत, सामाजिक और कार्यक्षेत्र में भी उन्नति करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ये न केवल हमें हर्षित करती है, हमारी जिज्ञासा को जागृत करती है, बल्कि समस्याओं का सुचारु रूप से समाधान निकालने में और दूसरों की सहायता करने के लिए प्रेरित भी करती है।
शिक्षा के अनेकों फायदों में से एक है कि ये, विद्यार्थियों के लिए एक शिक्षा केंद्र से बाहर भी कई अपरिचित मार्ग खोल देती है। जिसमें चलकर उन्हें देश और दुनिया कि संस्कृति का बोध होता है और उनका व्यक्तित्व भी निखारता है। एक बेटी को शिक्षित करना उसके पूरे परिवार को शिक्षित करने के बराबर होता है। इस बात को यदि कोई न केवल अच्छे से समझता है बल्कि एक दृढ़ संकल्पित प्रयास भी करता है तो वो हैं... आप !
केबीसी में शोभा कंवर ने जीते थे छह लाख रुपये
बता दें कि बूंदी की शिक्षिका शोभा कंवर 27 सितंबर को कौन बनेगा करोड़ में नजर आ चुकी हैं। उन्होंने हॉट सीट पर बैठकर अमिताभ बच्चन के 11 सवालों के सही जवाब दिए थे। ऐसे में वो केबीसी से 6.40 हजार रुपये जीतकर लौटी थी। अमिताभ बच्चन ने जब उनसे पूछा कि वो जीती हुई धनराशि का क्या करेंगी। इस पर शोभा कंवर ने शो में जीते रुपयों को जरूरतमंद बेटियों की शिक्षा पर खर्च करने की मंशा जताई थी। इस दौरान अमिताभ ने कहा था यदि एक बालिका भी आपकी इस मदद से पढ़-लिख कर मुकाम हासिल करती है तो मुझे खुशी होगी। उन्होंने शोभा कंवर को सैल्यूट भी किया था।
शिक्षिका ने बोला-मैं एनजीओ खोलूंगी
अमिताभ बच्चन ने शो में तो कोई घोषणा नहीं की थी लेकिन बातोंबात में उन्होंने मदद करने की इच्छा जताई थी। अब अमिताभ बच्चन की तरफ से चेक मिलने पर शोभा कंवर ने बताया कि अमिताभ सर ने मुझे 11 लाख का चेक दिया है। अब मैं जरूरतमंद, गरीब और असहाय बेटियों की मदद के लिए एक एनजीओ खोलूंगी। जिससे मैं रिटायर भी हो जाऊं तो उन्हें मदद मिलती रहे।