Jaipur: देश की सुरक्षा पर लाम्बा ने जताई चिंता, बोलीं- चीन 2000 वर्ग किमी घुसा और सत्ताधीश आंख मूंदकर बैठे हैं
एआईसीसी प्रवक्ता अलका लाम्बा ने जयपुर में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी में प्रेस वार्ता में कहा कि चीन भारत में 2000 वर्ग किलोमीटर घुसा हुआ है। पूरी रिहाइशी कॉलोनी भी बना रहा है, लेकिन सत्ताधीश आंख मूंदकर बैठे हुए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एआईसीसी प्रवक्ता अलका लाम्बा ने कहा कि भारत की अक्षुण्णता और भू-भागीय अखंडता को भी तोड़ा जा रहा है। चीन लद्दाख से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक भारत की सीमा में न सिर्फ 2000 वर्ग किलोमीटर मीटर घुसा हुआ है, बल्कि स्थाई सैन्य इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ पूरी रिहाइशी कॉलोनी भी बना रहा है। सत्ताधीश आंख मूंदकर बैठे हुए हैं। इतना ही नहीं, सरहदों के साथ-साथ चीन को व्यापार की हदें भी पार करा दी गई हैं। आजाद भारत के इतिहास में सबसे ज्यादा 100 बिलियन डॉलर का आयात कर भारत के डैडम् सेक्टर को तबाह किया जा रहा है।
किसानों की आमदनी दोगुनी करने का कोरा झांसा दिया
कांग्रेस पार्टी के 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान- साथी हाथ बढ़ाना के तहत जयपुर में पीसीसी मुख्यालय पर प्रेस वार्ता कर अलका लाम्बा ने बुधवार को कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार दुनिया के सबसे युवा देश के युवाओं को रोजगार के पूरे मौके नहीं दे पाई, बल्कि हर परिवार को महंगाई की आग में झोंक दिया। केंद्र सरकार ने किसानों को आमदनी दोगुनी करने का कोरा झांसा दिया। समाज के पिछड़े, दलित, आदिवासी वर्गों को तरक्की का पर्याप्त मौका नहीं दिया। अपने धन्ना सेठ दोस्तों के लिए अवसर पैदा किए गए।
किसानों की औसत आमदनी केवल 27 रुपये प्रतिदिन
एआईसीसी प्रवक्ता ने कहा कि हाल ही में एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि देश में किसानों की औसत आमदनी मात्र 27 रुपये प्रतिदिन रह गई है, जो मनरेगा मजदूरी से भी कम है। रिपोर्ट में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि देश के हर किसान पर औसत 74000 रुपये का कर्ज है। पार्लियामेंट्री कमेटी ने यह खुलासा किया है कि 2020-21 में मोदी सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स में कमी करके देश को एक लाख 84 हजार करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया है। ये परिस्थितियां इसलिए बनीं, क्योंकि मोदी सरकार ने बीते 8 सालों में डीजल और खाद के दाम बढ़ाकर और कृषि यंत्रों, खाद, कीटनाशक पर जीएसटी लगाकर खेती की लागत 25000 रुपये हेक्टेयर बढ़ा दी।
राहुल गांधी भाजपाई सत्ता की नफरत और निराशा को तोड़ रहे
लाम्बा ने कहा आज भारत को हर स्तर पर तोड़ा जा रहा है और देश के संसाधनों का रुख मुट्ठी भर लोगों की ओर मोड़ा जा रहा है। इसलिए राहुल गांधी कन्याकुमारी से कश्मीर तक भाजपाई सत्ता की नफरत, निराशा और नकारात्मकता को तोड़ रहे हैं और भारत को जोड़ रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा में लाखों लोग पैदल चल रहे हैं। कन्याकुमारी से शुरू हुई यह पदयात्रा अब जम्मू पहुंच गई है और 3,900 किलोमीटर लम्बी यात्रा का आज 131वां दिन है।
26 जनवरी से दो महीने हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलेगा
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लाम्बा ने कहा अब कांग्रेस पार्टी इस 'भारत जोड़ो' अभियान को और अधिक व्यापकता देने के लिए पूरे देश में 26 जनवरी से 26 मार्च तक एक जनसंवाद कार्यक्रम 'हाथ से हाथ जोड़ो अभियान' चलाएगी। जिसका नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटियां करेंगी।
केंद्र सरकार की नाकामियों की चार्जशीट हर घर पहुंचाई जाएगी
लाम्बा ने कहा कि इस अभियान के तहत भारत के 6 लाख गांवों, 2.50 लाख ग्राम पंचायतों और 10 लाख मतदान बूथों तक पहुंचकर राहुल गांधी का संदेश और मोदी सरकार की नाकामियों की चार्जशीट हर घर तक पहुंचाई जाएगी।
विजय माल्या, नीरव मोदी, मेहुल चोकसी जैसे लोगों को देश से भगाया
उनहोंने कहा-कोविड महामारी के दौर में 84 करोड़ लोगों की आमदनी घट गई, लेकिन सरकार की मेहरबानी धन्नासेठों पर रही। उनका 10 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का बैंक कर्ज बट्टे खाते में डाल दिया गया। मोदी सरकार की सरपरस्ती में 5 लाख 35 हजार करोड़ रुपए के बैंक फ्रॉड हुए और प्लान्ड वे में विजय माल्या, नीरव मोदी, मेहुल चोकसी, ऋषि अग्रवाल और संदेसरा बंधु जैसे कई लोगों को देश से भगा दिया गया।
8 साल में देश पर कर्जा 55 लाख करोड़ से बढ़कर 155 लाख करोड़ हुआ
लाम्बा ने कहा-आजादी के बाद से मई 2014 तक देश पर कुल कर्ज 55 लाख करोड़ रुपए था, जो मोदी सरकार के बीते 8 साल के कार्यकाल में बढ़कर 155 लाख करोड़ रुपये हो गया है। हाल में आई 'ग्लोबल हंगर इंडेक्स रिपोर्ट' ने बताया कि भारत में भुखमरी के हालात ये हैं कि हम पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश से पिछड़ गए हैं । 116 देशों की सूची में हमारा देश 101वें पायदान पर लुढ़क गया है।
देश को जाति, धर्म, भाषा, प्रांत, पहनावे, खान-पान के आधार पर बांटा जा रहा
अलका लाम्बा ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार अपनी नाकामियों पर पर्दा डालकर सत्ता हासिल करने के लिए देश को जाति, धर्म, भाषा, प्रांत, पहनावे और खान-पान के आधार पर बांट रही है। हम पूरे देश से आग्रह करते हैं कि भारत को जोड़ने का संकल्प लें और 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।