राजस्थान: सहायक निदेशक और वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी परीक्षा की उत्तरकुंजी जारी, ऐसे दर्ज करें आपत्ति
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने सहायक निदेशक एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी भर्ती परीक्षा-2025 और 2026 की मॉडल उत्तरकुंजियां जारी कर दी हैं। इनमें सहायक निदेशक-डीएनए डिवीजन, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी-केमिस्ट्री, नारकोटिक्स डिवीजन और वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी-फिजिक्स, टॉक्सिकोलॉजी डिवीजन की उत्तरकुंजियां शामिल हैं।
विस्तार
राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) ने सहायक निदेशक एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी भर्ती परीक्षाओं की मॉडल उत्तरकुंजियां जारी कर दी हैं। इनमें सहायक निदेशक-डीएनए डिवीजन, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी-केमिस्ट्री, नारकोटिक्स डिवीजन और वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी-फिजिक्स, टॉक्सिकोलॉजी डिवीजन की उत्तरकुंजियां शामिल हैं। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर इन्हें देख सकते हैं। यदि किसी अभ्यर्थी को उत्तरकुंजियों में दिए गए उत्तरों पर आपत्ति है तो वह 8 से 10 नवंबर 2026 की रात 12 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकता है।
इन परीक्षाओं की उत्तरकुंजियां हुईं जारी
आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि सहायक निदेशक एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी भर्ती परीक्षा-2025 के तहत सहायक निदेशक-डीएनए डिवीजन और वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी-केमिस्ट्री, नारकोटिक्स डिवीजन की मॉडल उत्तरकुंजियां जारी की गई हैं। इसके अलावा वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी भर्ती परीक्षा-2026 के तहत वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी-फिजिक्स, टॉक्सिकोलॉजी डिवीजन की मॉडल उत्तरकुंजी भी जारी की गई है।
प्रत्येक प्रश्न पर देनी होगी 100 रुपये फीस
अभ्यर्थियों को प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 100 रुपये शुल्क देना होगा। इसके अतिरिक्त सेवा शुल्क भी देय होगा। अभ्यर्थी एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन करके रिक्रूटमेंट पोर्टल पर जाएं। यहां संबंधित परीक्षा के लिए उपलब्ध 'क्वेश्चन ऑब्जेक्शन' लिंक पर क्लिक करके आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
शुल्क का भुगतान ई-मित्र कियोस्क या रिक्रूटमेंट पोर्टल पर उपलब्ध पेमेंट गेटवे के माध्यम से किया जा सकता है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि शुल्क वापस करने का कोई प्रावधान नहीं है। शुल्क जमा नहीं होने पर आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रमाणिक पुस्तकों के साक्ष्य देना अनिवार्य
आयोग के अनुसार, अभ्यर्थियों को मॉडल प्रश्नपत्र में दिए गए प्रश्नों के क्रम के अनुसार ही आपत्तियां दर्ज करानी होंगी। प्रत्येक आपत्ति के साथ प्रमाणिक और मानक पुस्तकों के साक्ष्य भी ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य है। प्रमाण संलग्न नहीं होने पर आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। इन परीक्षाओं में शामिल हुए अभ्यर्थी ही आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। किसी अन्य व्यक्ति की ओर से दर्ज कराई गई आपत्ति स्वीकार नहीं होगी।
10 नवंबर की रात 12 बजे बंद हो जाएगा लिंक
ऑनलाइन आपत्तियां दर्ज कराने का लिंक 8 से 10 नवंबर 2026 तक ही सक्रिय रहेगा। 10 नवंबर की रात 12 बजे के बाद लिंक निष्क्रिय हो जाएगा। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि आपत्तियां केवल ऑनलाइन माध्यम से और एक ही बार स्वीकार की जाएंगी। डाक या किसी अन्य माध्यम से भेजी गई आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने में तकनीकी परेशानी होने पर अभ्यर्थी recruitmenthelpdesk@rajasthan.gov.in पर ईमेल कर सकते हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 9352323625 और 7340557555 पर भी संपर्क किया जा सकता है।