राजस्थान: केकड़ी में मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण की तैयारी शुरू, 12 नवंबर को जारी होगा प्रारूप
केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू होगा। 12 नवंबर को प्रारूप प्रकाशन, 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां और 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। राजनीतिक दलों से बीएलए नियुक्त करने की अपील की गई।
विस्तार
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के संदर्भ में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इस संबंध में मंगलवार को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र केकड़ी (105) में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम और मतदाता सूचियों से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई।
12 नवंबर को प्रारूप, 4 जनवरी को अंतिम प्रकाशन
बैठक में निर्वाचक पंजीयन एवं उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 12 नवंबर 2026 को एकीकृत मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का 28 दिसंबर 2026 तक निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन होगा। निर्वाचन विभाग की ओर से बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रति भी उपलब्ध कराई गई।
पढे़ं; मिठाई के डिब्बों में रुपये बांटने का आरोप, गांव में मचा हंगामा; पुलिस ने वैन जब्त की
बीएलए नियुक्त करने के निर्देश
निर्वाचक पंजीयन अधिकारी बलाई ने बताया कि राज्य में वर्तमान में चल रहे पंचायत चुनावों को देखते हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदान केंद्रों के पुनर्गठन और सुव्यवस्थीकरण से संबंधित गतिविधियों में भारत निर्वाचन आयोग ने शिथिलता प्रदान की है।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से उन मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने के लिए कहा गया, जहां संबंधित दलों की ओर से अभी तक नियुक्ति नहीं की गई है। इसके अलावा 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के युवाओं के अग्रिम पंजीकरण और 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवाओं, जो अभी तक मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हैं, उनके शत-प्रतिशत नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए सहयोग करने की अपील की गई। इस मौके पर भाजपा के शहर मंडल अध्यक्ष रितेश जैन, उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह शक्तावत, कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष श्यामलाल बैरवा तथा आरएलपी के ब्लॉक अध्यक्ष दिलखुश जाट मौजूद रहे।