RPSC: सहायक आचार्य, लाइब्रेरियन एवं शारीरिक प्रशिक्षण अनुदेशक परीक्षा 2024; 14 मार्च को जारी होगें एडमिट कार्ड
RPSC: आरपीएससी सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि उक्त परीक्षा के प्रवेश-पत्र आयोग की वेबसाईट और एसएसओ पोर्टल पर दिनांक 14 मार्च 2024 को अपलोड किए जाएंगे। इस अनुसार अभ्यर्थी यथाशीघ्र प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर लें। ज्यादा जानकारी के लिए पढ़ें पूरी खबर...।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा सहायक आचार्य, पुस्तकालयाध्यक्ष एवं शारीरिक प्रशिक्षण अनुदेशक (कॉलेज शिक्षा विभाग) परीक्षा 2023 का आयोजन इसी 17 मार्च को किया जा रहा है। इसके तहत ऐच्छिक विषय हिंदी की परीक्षा का आयोजन अजमेर और जयपुर जिला मुख्यालय पर किया जाएगा। वहीं, ऐच्छिक विषय स्कल्पचर (मूर्तिकला) की परीक्षा का आयोजन अजमेर जिला मुख्यालय पर किया जाएगा। यह परीक्षा प्रातः नौ बजे से 12 बजे तक (प्रश्न पत्र-प्रथम) और दोपहर 2:30 बजे से 5:30 बजे तक (प्रश्न पत्र-द्वितीय) दो पालियों में होगी। इस परीक्षा में प्रत्येक प्रश्न-पत्र के लिए ओएमआर उत्तर पत्रक के पांचवें विकल्प को भरने के लिए 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
आयोग सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि उक्त परीक्षा के प्रवेश-पत्र आयोग की वेबसाईट और एसएसओ पोर्टल पर दिनांक 14 मार्च 2024 को अपलोड किए जाएंगे। इस अनुसार अभ्यर्थी यथाशीघ्र प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर लें। प्रवेश-पत्र आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध एडमिट कार्ड लिंक के माध्यम से आवेदन-पत्र क्रमांक और जन्म दिनांक प्रविष्ट कर डाउनलोड किए जा सकेंगे। इसके अतिरिक्त एसएसओ पोर्टल पर लॉग इन कर सिटीजन एप्स में उपलब्ध रिक्रूटमेंट पोर्टल लिंक से भी प्रवेश-पत्रों को डाउनलोड किया जा सकता है।
एक घंटे पहले मिलेगा प्रवेश
परीक्षा केंद्र पर किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा प्रारंभ होने के 60 मिनट पूर्व तक ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थी परीक्षा के दिन परीक्षा प्रारंभ होने के लिए नियत समय से पर्याप्त समय पूर्व परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक रूप से पहुंच जाएं। ताकि सुरक्षा जांच और पहचान का कार्य समय पर पूरा हो सके। देरी से आने पर तलाशी में समय लगने के कारण परीक्षा में शामिल होने से वंचित हो सकते हैं।
यह दस्तावेज लाने होंगे साथ
अभ्यर्थियों को पहचान के लिए परीक्षा केंद्र पर मूल आधार कार्ड (रंगीन प्रति) लेकर उपस्थित होना होगा। विशेष परिस्थितियों में मूल आधार कार्ड (रंगीन प्रति) न होने की स्थिति में अन्य मूल फोटो युक्त पहचान-पत्र यथा मतदाता पहचान-पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर प्रवेश अनुमत किया जा सकता है। मूल फोटो युक्त पहचान-पत्र के अभाव में परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थी प्रवेश-पत्र के साथ जारी आवश्यक अनुदेशों को ध्यान से पढ़ लें।
दलालों से सावधान रहने की अपील
आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थी किसी दलाल, मीडिएटर, समाजकंटक या अपराधी के बहकावे में न आएं। अगर कोई परीक्षा में पास कराने के नाम पर रिश्वत की मांग या अन्य कोई प्रलोभन और झांसा देता है तो प्रमाण सहित इस संबंध में जांच एजेंसी एवं आयोग कंट्रोल रूम नंबर 0145-2635200, 2635212 एवं 2635255 पर सूचित करें। परीक्षा में अनुचित साधन अपनाए जाने और अनुचित कृत्यों में संलिप्त होने पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम के अध्युपाय) अधिनियम, 2022 के तहत आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने से दंडित और चल अचल संपत्ति कुर्क कर जब्त की जा सकती है।