Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Ajmer News ›   Kekri: Tractors rampage on the roads, Lakshmi Puja celebrations turn to mourning

राजस्थान: दीपावली पर दो परिवारों की खुशियां मातम में बदली, ट्रैक्टर से कुचलकर दो युवकों की मौत; चालक फरार

Mon, 09 Nov 2026 04:31 PM IST
अजमेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, केकड़ी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, केकड़ी Published by: अजमेर ब्यूरो Updated Mon, 09 Nov 2026 04:31 PM IST
सार

राजस्थान के केकड़ी में दीपावली पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में 30 वर्षीय मुकेश जांगिड़ और 19 वर्षीय विनय प्रताप सिंह की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। दोनों हादसों के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए।

विज्ञापन
Kekri: Tractors rampage on the roads, Lakshmi Puja celebrations turn to mourning
दीपावली की रात ट्रैक्टरों का आतंक - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

दीपावली के त्योहार पर केकड़ी में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों हादसे ट्रैक्टर की टक्कर से हुए। घटनाओं ने दो परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। हादसों के बाद दोनों मामलों में ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों मामलों में जांच कर रही है। दीपावली के उल्लास के बीच केकड़ी की सड़कों पर ट्रैक्टरों की बेलगाम रफ्तार और खतरनाक स्टंटबाजी ने एक युवक की जान ले ली। लक्ष्मी पूजन के दिन रविवार रात अजमेर रोड पर ट्रैक्टर की चपेट में आने से हिंगतड़ा निवासी मुकेश जांगिड़ की मौत हो गई। 

विज्ञापन

पहले टक्कर मारी, फिर दोबारा कुचलकर फरार हुआ चालक
जानकारी के अनुसार, हिंगतड़ा निवासी 30 वर्षीय मुकेश जांगिड़ पुत्र लालाराम दीपावली के दिन रविवार रात पैदल अजमेर रोड स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहा था। इसी दौरान जैन पेट्रोल पंप के सामने कुछ ट्रैक्टर चालक खतरनाक स्टंट कर रहे थे। तभी मुकेश एक ट्रैक्टर की चपेट में आकर सड़क पर गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वहां मौजूद युवकों ने ट्रैक्टर चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने ट्रैक्टर रोकने के बजाय मुकेश को दोबारा कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। हादसे में मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद युवकों ने उसे निजी वाहन से राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

विज्ञापन


सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस के एएसआई प्रेमसिंह अस्पताल पहुंचे और शव को मोर्चरी में रखवाया। बताया जाता है कि मुकेश जयपुर में कारपेंटर का काम करता था और दीपावली मनाने अपने गांव आया हुआ था। मामले में शुरुआत में पुलिस में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। बाद में सोमवार सुबह अस्पताल परिसर में परिजनों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई। बताया गया कि परिजनों ने पहले रिपोर्ट नहीं दी थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


पढे़ं: नागझिरी में हार्डवेयर दुकान और मकान में लगी भीषण आग, दम घुटने से 107 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

त्योहार की आड़ में सड़कों पर मौत का खेल
पिछले कुछ वर्षों से दीपावली के दिन केकड़ी शहर में ट्रैक्टर रैलियां निकालने और उनके दौरान खतरनाक स्टंट करने का चलन बढ़ा है। बड़ी संख्या में युवक ट्रैक्टर लेकर सड़कों पर उतरते हैं। ट्रैक्टरों पर तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम लगाए जाते हैं और फिर तेज रफ्तार, शोर-शराबे और खतरनाक करतबों का सिलसिला शुरू हो जाता है।
एक साथ कई ट्रैक्टर सड़कों पर दौड़ते हैं। कहीं अचानक तेज मोड़ काटे जाते हैं तो कहीं लापरवाही से ट्रैक्टर चलाकर स्टंट दिखाए जाते हैं। इससे राहगीरों, आम नागरिकों और दूसरे वाहन चालकों की जान जोखिम में रहती है। इस हादसे ने दीपावली पर शहर में निकलने वाली ट्रैक्टर रैलियों और उनमें होने वाली खतरनाक हरकतों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि त्योहार की आड़ में सड़कों पर चल रहे मौत के इस खेल पर आखिर कब अंकुश लगेगा।

भराई में ट्रैक्टर से कुचलकर 19 वर्षीय युवक की मौत
केकड़ी के भराई गांव में एक अन्य सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक विनय प्रताप सिंह की जान चली गई। हादसा शनिवार शाम को हुआ, जब ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, भराई निवासी 19 वर्षीय विनय प्रताप सिंह पुत्र परमेश्वर सिंह मोटरसाइकिल से केकड़ी से अपने गांव भराई की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव के पास एक ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से विनय सड़क पर गिर गया और ट्रैक्टर के नीचे आकर कुचल गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने एंबुलेंस की मदद से विनय को केकड़ी के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर केकड़ी सिटी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना करने वाले ट्रैक्टर और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। बताया जाता है कि विनय प्रताप अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। दीपावली से ठीक एक दिन पहले हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में कुछ देर पहले दीपावली मनाने की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम पसर गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed