Ajmer News: AVVNL के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, वर्क ऑर्डर के बदले मांगी थी घूस
Ajmer News: अजमेर में एसीबी ने एवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता बाबूलाल को वर्क ऑर्डर के बदले मांगी गई दो लाख की रिश्वत में से 50 हजार रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। शिकायत सत्यापन के बाद ट्रैप कार्रवाई हुई और रकम बरामद कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मामला दर्ज किया गया।
विस्तार
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (AVVNL) के एक वरिष्ठ अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी की टीम ने अधीक्षण अभियंता (सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर) बाबूलाल को उनके कार्यालय में 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। आरोपी अधिकारी पर ठेकेदार से पहले जारी किए गए वर्क ऑर्डर के बदले कुल 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
एसीबी अजमेर की सीआई मीरा बेनीवाल ने बताया कि एक ठेकेदार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अधीक्षण अभियंता बाबूलाल पुराने वर्क ऑर्डर को जारी रखने और आगे की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि अधिकारी लगातार दबाव बना रहा था और भुगतान नहीं करने पर उसे परेशान किया जा रहा था।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले का सत्यापन किया। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। सोमवार को जैसे ही ठेकेदार ने आरोपी अधिकारी को 50 हजार रुपये की पहली किस्त सौंपी, एसीबी टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
एसीबी ने आरोपी अधिकारी के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली है तथा संबंधित वर्क ऑर्डर की फाइल भी जब्त कर ली गई है। बताया जा रहा है कि यह वर्क ऑर्डर नवंबर-दिसंबर 2025 के दौरान जारी किया गया था। अधिकारी उसी पुराने वर्क ऑर्डर को आगे बढ़ाने के नाम पर रिश्वत मांग रहा था।
पढ़ें- Rajasthan Assembly: जन विश्वास संशोधन बिल पर हंगामा, डिवीजन की मांग के बीच भागते हुए सदन पहुंचे भाजपा विधायक
फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी अधिकारी से पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस मामले में अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी तो शामिल नहीं हैं।
इस कार्रवाई के बाद एवीवीएनएल और अन्य सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और आमजन से अपील की गई है कि यदि कोई अधिकारी रिश्वत की मांग करता है तो तुरंत एसीबी को सूचना दें, ताकि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.