{"_id":"08d33f81cb5a1a05d2c8f10eb64dd21a","slug":"204-died-in-rajasthan-from-swine-flu-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"राजस्थान में स्वाइन फ्लू से 204 मौतें","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
राजस्थान में स्वाइन फ्लू से 204 मौतें
ब्यूरो/ अमर उजाला, जयपुर
Updated Fri, 20 Feb 2015 07:36 PM IST
विज्ञापन
राजस्थान में बढ़ते तापमान के बावजूद स्वाइन फ्लू से मौतों की संख्या में कोई कमी नहीं आ रही है। राजस्थान सरकार का दावा था कि तापमान बढ़ेगा, तो फ्लू का असर भी कम होता चला जाएगा।
विज्ञापन
राजस्थान में स्वाइन फ्लू से अब तक 204 लोग काल के गाल में समा चुके हैं। इधर, राजस्थान से जांच के लिए भेजी गई स्वाइन फ्लू की दवाओं की रिपोर्ट पुणे के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी से आ गई है, जिसमें इंस्टीट्यूट ने दवा को असरदार बताया है।
विज्ञापन
इस अफवाह पर रिपोर्ट ने विराम लगा दिया है कि दवा असरदार नहीं है, इसलिए मौतें हो रही हैं। राजस्थान में अब पॉजीटिव मरीजों की कुल संख्या 3897 हो गई है।
जयपुर के एसएमएस अस्पताल में शुक्रवार सुबह 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई। सात मरीज अब भी वेंटिलेटर पर हैं। चिकित्सकों के अनुसार पहले के मुकाबले अब वेंटिलेटर पर मरीजों की संख्या कम हो रही है। पहले दर्जनभर मरीज वेंटिलेटर पर रह रहे थे।
विज्ञापन
जयपुर में मरनेवालों की संख्या 35, अजमेर में 27, जोधपुर में 24, नागौर में 21 तथा बाड़मेर में 16 हो चुकी है। चिकित्सा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि राजस्थान में पॉजीटिव मरीजों में से मौत का आंकड़ा 6 प्रतिशत है। जबकि गुजरात में यह 8 और मध्यप्रदेश में 9 प्रतिशत है।
जयपुर जिला कलक्टर कृष्ण कुणाल ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को एपेक्स, महात्मा गांधी, भण्डारी, रूंगटा, जीवन रेखा, नारायणा हृदयालय एवं सोनी मनिपाल चिकित्सालय सहित 15 अस्पतालों पर नजर रखने को कहा है तथा यहां स्वाइन फ्लू की दवा नि:शुल्क उपलब्ध कराई है।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निजी और सरकारी विद्यालयों में प्रार्थना सभाओं पर रोक जारी रखें। साथ ही वार्षिक उत्सव आदि का आयोजन भी नहीं किए जाए। इधर, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष अर्चना शर्मा ने राज्य सरकार से निजी अस्पतालों में भी स्वाइन फ्लू की जांच मुफ्त कराने की मांग की है।