Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   son of Punjab dons the uniform in Canada: Gurpreet from Arniwala joins the Toronto Police as an officer

सात समंदर पार भी पंजाबियों का जलवा: गुरप्रीत टोटोरंटो पुलिस में हुआ भर्ती, बढ़ाया देश का मान

Wed, 25 Nov 2026 03:42 PM IST
Naveen संवाद न्यूज एजेंसी, हलवारा (पंजाब)
संवाद न्यूज एजेंसी, हलवारा (पंजाब) Published by: Naveen Updated Wed, 25 Nov 2026 03:42 PM IST
सार

सात समंदर पार भी अपनी काबिलियत का डंका बजाते हुए पंजाब के युवाओं ने अब विदेशी सुरक्षा बलों में भी खास पहचान बनानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में फाजिल्का के अरनीवाला गांव के गुरप्रीत सिंह सेखों का चयन कनाडा की प्रतिष्ठित टोरंटो पुलिस में कांस्टेबल पद पर हुआ है।

विज्ञापन
son of Punjab dons the uniform in Canada: Gurpreet from Arniwala joins the Toronto Police as an officer
अरनीवाला के गुरप्रीत सिंह - फोटो : संवाद

विस्तार

पंजाब के युवाओं की प्रतिभा और वर्दी के प्रति जुनून अब देश की सीमाओं तक सीमित नहीं है। कभी भारतीय सेना और पंजाब पुलिस में भर्ती होकर देश की सेवा करने का सपना देखने वाले पंजाब के युवा अब कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और अन्य देशों की पुलिस तथा रक्षा सेवाओं में भी अपनी काबिलियत का लोहा मनवा रहे हैं। इसी कड़ी में फाजिल्का जिले के अरनीवाला गांव के गुरप्रीत सिंह सेखों ने कनाडा की प्रतिष्ठित टोरंटो पुलिस में कांस्टेबल बनकर पंजाब का नाम रोशन किया है।

विज्ञापन


गुरप्रीत ने चयन के बाद आवश्यक प्रशिक्षण पूरा किया और पासिंग आउट व शपथ ग्रहण समारोह के बाद अपनी नई जिम्मेदारी संभाल ली है। उनकी इस उपलब्धि से अरनीवाला ही नहीं, बल्कि पूरे फाजिल्का क्षेत्र में खुशी की लहर है। गांव के लोगों और रिश्तेदारों के लिए यह गर्व का अवसर इसलिए भी खास है, क्योंकि गुरप्रीत की सफलता के पीछे वर्दी में सेवा करने की चार पीढ़ियों की पारिवारिक परंपरा जुड़ी है।
विज्ञापन


दादा से पोते तक वर्दी का जुनून, परिवार के 10 से अधिक सदस्य सेना-पुलिस में:
गुरप्रीत सिंह, डॉ. बलवीर सिंह सेखों के पोते हैं। उनके पिता हरबंस सिंह सेखों पंजाब पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं, जबकि उनके दादा पंजाब पुलिस से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। परिवार के चाचा सेवानिवृत्त कैप्टन राजिंदर सिंह भी सेना में सेवाएं दे चुके हैं। परिवार के एक वरिष्ठ सदस्य डीएसपी जागीर सिंह सेखों अमृतसर में रहते हैं। उन्होंने गुरप्रीत को कनाडा जाने और वहां अपने भविष्य को नई दिशा देने के लिए मार्गदर्शन दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


परिवार के 10 से अधिक सदस्य भारतीय सेना और पुलिस में सेवाएं दे चुके हैं अथवा वर्तमान में सेवारत हैं। इस तरह गुरप्रीत ने विदेश की धरती पर नौकरी हासिल करने के साथ परिवार की पीढ़ियों से चली आ रही अनुशासन और जनसेवा की परंपरा को भी आगे बढ़ाया है।

लड्डू बंटे, ढोल बजे, परिवार ने मनाया जश्न
टोरंटो पुलिस में प्रशिक्षण पूरा करने और कांस्टेबल के रूप में जिम्मेदारी संभालने की खबर मिलते ही अरनीवाला स्थित परिवार के घर में उत्सव शुरू हो गया। परिजनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई, लड्डू बांटे और ढोल की थाप पर भांगड़ा डालकर खुशी जाहिर की। रिश्तेदारों और गांव के गणमान्य लोगों ने पहुंचकर परिवार को बधाई दी।

गुरप्रीत के चाचा परिजनों ने इसे पूरे परिवार और इलाके के लिए गौरव का क्षण बताया। परिवार का कहना है कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को भी वर्दी पहनकर समाज और लोगों की सुरक्षा के लिए काम करने की प्रेरणा देगी।

कनाडा से ऑस्ट्रेलिया तक पंजाब की बेटियों-बेटों का परचम
गुरप्रीत की सफलता अकेली कहानी नहीं है। जून 2025 में कपूरथला के कमलप्रीत सिंह रॉयल ऑस्ट्रेलियन एयरफोर्स में फ्लाइंग ऑफिसर (एयरोनॉटिकल इंजीनियर) के रूप में कमीशन हुए। उन्होंने कपूरथला के केंद्रीय विद्यालय और आर्मी पब्लिक स्कूल से पढ़ाई की तथा जालंधर से बीटेक किया। भारत में गोइंदवाल थर्मल पावर प्लांट में इंजीनियर के तौर पर काम करने के बाद 2017 में वर्क परमिट पर ऑस्ट्रेलिया गए। सात साल से अधिक समय तक इंजीनियर के रूप में काम करने, स्थायी निवास और नागरिकता हासिल करने के बाद उन्होंने अधिकारी प्रशिक्षण पूरा कर अपना सपना साकार किया। उनके बड़े भाई सरबजीत सिंह न्यू साउथ वेल्स पुलिस में अधिकारी हैं।

पंजाब की बेटियों ने भी इस क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। समराला के गांव अराइचां की संदीप कौर कनाडा की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस में शामिल हुईं। उन्होंने फतेहगढ़ साहिब से फूड प्रोसेसिंग में बीटेक और बाद में कनाडा से एमटेक किया। 2017 में कनाडा जाने के बाद वहां छह महीने का पुलिस प्रशिक्षण पूरा किया और प्रशिक्षण में तीसरा स्थान हासिल किया। उनकी पासिंग आउट परेड में पंजाब पुलिस में तैनात उनके पिता एएसआई दविंदर सिंह गरचा भी शामिल हुए थे।इन उदाहरणों से स्पष्ट है कि पंजाब के युवा और युवतियां तकनीकी शिक्षा, मेहनत, प्रशिक्षण और अनुशासन के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा सेवाओं में जगह बना रहे हैं।

युवाओं के लिए संदेश: विदेश जाना ही नहीं, पहचान बनाना भी जरूरी
गुरप्रीत की उपलब्धि पंजाब के उन विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए खास संदेश है, जो बच्चों के भविष्य को लेकर विदेश में पढ़ाई और रोजगार के विकल्प तलाश रहे हैं। विदेश में सफलता केवल बेहतर वेतन या स्थायी निवास हासिल करने तक सीमित नहीं है। वहां के कानून, भाषा, नागरिक जिम्मेदारियों और चयन की कठिन प्रक्रियाओं को पूरा करके पुलिस और रक्षा सेवाओं में जगह बनाना भी बड़ी उपलब्धि है।


अरनीवाला के गुरप्रीत सिंह की कहानी का असली संदेश यही है कि पंजाब की मिट्टी में पला-बढ़ा युवा दुनिया के किसी भी कोने में अपनी मेहनत, योग्यता और अनुशासन से पहचान बना सकता है। फर्क सिर्फ इतना है कि अब पंजाब की वर्दी का संस्कार विदेश की वर्दियों में भी दिखाई देने लगा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed