पंजाब में धुंध का कहर: जालंधर में टिप्पर से टकराई तेज रफ्तार पनबस, मोगा में भिड़े कई वाहन; बाइक सवार की माैत
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि घने कोहरे और उच्च प्रदूषण के कारण वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें और स्वास्थ्य प्रभावित होने पर चिकित्सकीय परामर्श लें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में ठंड और कोहरे का कहर जारी है। मोगा में घने कोहरे के कारण कोट ईसे खां मंडी के पास ट्राला, दूध का कंटेनर, एक कार और मोटरसाइकिल के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं ट्राला चालक भी वाहन के बीच में फंसा रहा, जिसे क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार कोट ईसे खां मंडी के पास स्थित एक धर्म कांटा पर दूध का कंटेनर वजन कराने के बाद सड़क के बीच में बैक करते हुए खड़ा हो गया। इसी दौरान घने कोहरे के कारण कोट ईसे खां की ओर से आ रहा बजरी से भरा ट्राला कंटेनर से टकरा गया। ट्राला के पीछे आ रही एक कार भी हादसे का शिकार हो गई। वहीं सड़क किनारे मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग खड़े थे, जो इस दुर्घटना की चपेट में आ गए। इसमें मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार 4 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर लिया है। ट्राला चालक और दूध कैंटर चालक पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे में मोटरसाइकल सवार निर्मल सिंह की मौत हो गई है जो कोट ईसे खां का रहने वाला था और काम पर जा रहा था। इसके अलावा ट्राला चालक सहित कार सवार चार लोग गंभीर जख्मी हुए हैं।
जांच अधिकारी एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि हादसा घने कोहरे के कारण हुआ। पुलिस ने मृतक निर्मल सिंह के परिजनों के बयानों के आधार पर दूध कैंटर चालक और ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
मौसम विभाग ने आने वाले चार दिन पंजाब में कई जगहों पर घने से बेहद घना कोहरा पड़ने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे ठंड में और इजाफा होगा। फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा लेकिन शनिवार से वेस्टर्न हिमालयन रीजन से आने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ कुछ क्षेत्रों में बादल ला सकता है।
गुरदासपुर सबसे ठंडा
गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया। यह राज्य में सबसे ठंडा रहा। पंजाब के अधिकतर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। अमृतसर 8.7°, लुधियाना 8.4°, पटियाला 7.7°, पठानकोट 6.2°, बठिंडा 8.2° और रूपनगर 10.0° पर रहा। अधिकतम तापमान सामान्य के करीब दर्ज किया गया, मानसा में 26.2°, बठिंडा 23.4°, फरीदकोट 24.9° तक रहा।
प्रदूषण का स्तर चिंता का विषय
पंजाब में प्रदूषण कम होने का नाम नहीं ले रहा। वीरवार को रूपनगर का एक्यूआई 280 (खराब श्रेणी) रहा। अन्य पांच शहरों का एक्यूआई येलो जोन में दर्ज हुआ। खन्ना का एक्यूआई 190, पटियाला 144, जालंधर 129, लुधियाना 108 और अमृतसर का एक्यूआई 103 दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, कोहरे के कारण धूल के कण जम रहे हैं। बारिश न होने से प्रदूषण स्तर लगातार बढ़ रहा है। यह स्थिति विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों के लिए खतरनाक है।
टिप्पर चालक भूपिंदर सिंह ने बताया कि वह हाईवे पर जा रहे थे। इस दौरान पीछे से तेज रफ्तार पनबस चालक ने टक्कर मार दी।
गनीमत यह रही कि इस घटना में उन्हें मामूली चोट आई है। वहीं घटना में बस ड्राइवर घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया। टक्कर से बस का ड्राइवर साइड का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और बस को सड़क किनारे खड़ा करवा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
एएसआई मक्खन सिंह ने बताया कि बस चालक काफी तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था। इसे सवारियों ने भी कई बार गाड़ी धीरे चलाने के लिए कहा था। पुलिस अधिकारी ने कहा कि बस चालक 100 से अधिक स्पीड से बस चला रहा था।
हादसे में बस चालक की टांग में चोट आई है और उसे जौहल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि टिप्पर चालक की घटना में कोई गलती नहीं है। इस घटना में एक कार को भी बस ने नुकसान पहुंचाया है। जांच अधिकारी ने माना कि बस चालकों को कई बार धीमी गति से बस चलाने के लिए कहा जाता है, लेकिन चंडीगढ़ जाने की जल्दबाजी में वह बसें काफी तेज गति से चलाते हैं। ऐसे में बस चालक के खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी।